दुर्ग को सीएम का दुलार : धमधा को 11 करोड़ की हाईटेक मंडी, अस्पताल, भिलाई-3 को तहसील और उप तहसील कार्यालय के अलावा भी मिलीं कई सौगातें

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में करोड़ों रुपए की सौगात देने के बाद दूसरे दिन यानी शनिवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दुर्ग जिले के धमधा पहुंचे। यहां उन्होंने 55 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर किसानों को सामग्री वितरण किया। मुख्यमंत्री ने सबसे बड़ी सौगात यहां के प्रगतिशील किसानों को दी। उन्होंने 11 करोड़ रुपए की लागत से बनी सब्जी एवं फल मंडी का लोकार्पण किया है। इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री भिलाई-3 पहुंचे। वहां उन्होंने भिलाई-3 तहसील कार्यालय व उप तहसील कार्यालय का शुभारंभ किया। धमधा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने मंडी के साथ ही 1.75 करोड़ रुपए की लागत से बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी भवन का लोकार्पण किया। जलसंसाधन विभाग की 18 करोड़ रुपए की योजनाओं का लोकार्पण तथा पीएचई विभाग की 15 करोड़ रुपए की योजनाओं का भी उन्होंने भूमिपूजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि धमधा की पहचान छह आगर, छह कोरी तालाब की है। इसकी ऐतिहासिक पहचान हमेशा से रही है। अब इसकी पहचान टमाटर के उत्पादन और उद्यानिकी फसलों से है। धमधा का टमाटर देश के बाहर यानि बांग्लादेश और पाकिस्तान तक सप्लाई होता है। यहां के किसानों की यह एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इस मंडी के बन जाने से किसानों को उनकी फसल का उचित रेट मिलेगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने धमधा के स्वास्थ्य केंद्र को 50 बिस्तर तक अपडेट करने की घोषणा की। धमधा के युवा कृषि के अलावा नौकरी पेशा क्षेत्र में भी जाएं इसके लिए वहां एक कोचिंग सेंटर खोलने की भी घोषणा की गई।
मंडी खुलने से किसानों को मिलेगा बड़ा मार्केट
कार्यक्रम में मौजूद कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि धमधा में मंडी शुरू होना बहुत शुभ संकेत है। मंडी शुरू होने से अब यहां के किसानों को देशभर का मार्केट मिल सकेगा। पहले भी हमारे किसान हैदराबाद से इलाहाबाद तक अपने उत्पाद पहुंचाते रहे हैं। अब मंडी के माध्यम से उन्हें उसका उचित दाम मिल पाएगा।
ट्रैक्टर पाकर खुश हुए किसान
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों को सामग्री वितरण भी किए। उन्होंने 50 किसानों को ट्रैक्टर वितरण किया। मत्स्य कृषकों को भी नाव, जाल, मत्स्य आहार आदि वितरित किए। इसके साथ ही उन्होंने समाज कल्याण विभाग के हितग्राहियों को बाइक प्रदान की।
तहसील कार्यालय खुलने से वहां के लोग ही नहीं मुख्यमंत्री भी हुए खुश
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शाम 4.30 बजे धमधा से भिलाई तीन पहुंचे। यहां उन्होंने नवीन तहसील कार्यालय का शुभारंभ किया। इस मौके पर कार्यक्रम को उन्होंने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भिलाई-3 तहसील कार्यालय और उप तहसील कार्यालय खुलने से जितनी ख़ुशी यहां के लोगों को हो रही है, उतनी ख़ुशी मुझे भी हो रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि मैं खुद यहां का निवासी हूं। यहां का किसान हूं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अब तक 85 तहसीलों की घोषणा कर दी है। इसमें 52 तहसील प्रभावशील हो चुकी हैं। किसी सरकार की ओर से इतने कम समय में इतनी तहसील का गठन पहली बार किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने तीन साल के भीतर 6 जिलों का गठन कर दिया है। इस मौके पर उन्होंने भिलाई-3 में अनुविभाग की घोषणा की। साथ ही मंत्री गुरु रुद्र कुमार की मांग पर सर्वे कराने के बाद नल जल योजना प्रारंभ करने की घोषणा की।
की ये बड़ी घोषणाएं
एक करोड़ की लागत से स्टेडियम की घोषणा।
धमधा महाविद्यालय में ऑडिटोरियम की घोषणा।
तालाबों के सौंदर्यीकरण की घोषणा।
बंधुआ तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए एक करोड़ रुपए की स्वीकृति।
धमधा सामुदायिक भवन के लिए 1 करोड़ रुपए की घोषणा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS