CM का विभागीय अफसरों को निर्देश : गौठनों में पैरा, पानी और छाये की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करें

गौरव शर्मा/रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अधिकारियों को गौठनों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि, गौठान में पैरा, पानी, छाया की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए। गौठान समितियों की बैठक की जाए और पशुओं के लिए हरे चारे की व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री ने गोबर खरीदी में गौठनों की सराहना की। उन्होंने कहा कि, आश्रित गांवों में भी मांग अनुसार गौठनों की स्वीकृति दी जाए।
50 फीसद से अधिक गौठान हो चुके स्वावलंबी
उल्लेखनीय है कि, इससे पहले मुख्यमंत्री ने 1 से 15 अप्रैल तक गौठानों में पशुपालक ग्रामीणों, किसानों, भूमिहीनों से क्रय 1.30 लाख क्विंटल गोबर के एवज में 2 करोड़ 59 लाख रुपए, गौठान समितियों को 1 करोड़ 6 लाख रुपए और महिला स्व-सहायता समूहों को 75 लाख रुपए की लाभांश राशि ऑनलाइन अंतरित की थी। राज्य में 15 अप्रैल तक गौठानों में 112.34 लाख क्विंटल गोबर की खरीदी की गई है। गोबर विक्रेताओं को क्रय किए गए गोबर के एवज में 224 करोड़ 68 लाख रुपए का भुगतान किया जा चुका है। गौठान समितियों और महिला स्व-सहायता समूहों को 192 करोड़ 65 लाख रुपए का भुगतान किया जा चुका है। गोधन न्याय योजना के तहत राज्य में हितग्राहियों को लगभग 439 करोड़ 73 लाख रुपए का भुगतान किया जा चुका है। वर्तमान में 50 फीसद से अधिक गौठान स्वावलंबी हो चुके हैं, जो स्वयं की राशि से गोबर और गौमूत्र की खरीदी के साथ-साथ गौठान के अन्य व्यवस्थाएं कर रहे हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS