न्यूनतम तापमान के गिरने से प्रदेश में बढ़ी ठंड, येलो अलर्ट हुआ जारी

रायपुर। उत्तर की शुष्क हवा ने छत्तीसगढ़ में अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग द्वारा 48 घंटों के लिए सरगुजा संभाग में शीतलहर के साथ शीतदिवस का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ अगले दो दिन में रायपुर में भी कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। रायपुर का न्यूनतम तापमान लुढ़क कर दस डिग्री से नीचे जाने का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी की वजह से बुधवार को प्रदेश का मौसम बदला था। इसके प्रभाव से कोहरा के साथ रायपुर, दुर्ग इलाके में हल्की बारिश भी हुई थी। इसके बाद उत्तर से आने वाली हवा ने अपना असर दिखाना शुरू किया और उत्तरी इलाका कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया। मौसम विभाग का कहना है, सरगुजा संभाग के कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, अंबिकापुर में अगले 48 घंटे में शीतलहर चलने के साथ कोहरा की वजह से दिन में शीत दिवस से जैसी स्थिति रहने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि अगले दो दिन में रायपुर और बस्तर संभाग में भी तेजी से तापमान नीचे जाएगा और यहां कड़ाके की ठंड पड़ने की पूरी संभावना है। गुरु-शुक्र की दरम्यानी रात रायपुर में तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो अगले चौबीस घंटे में घटकर दस डिग्री अथवा उससे नीचे जाने के प्रबल आसार हैं। तापमान में गिरावट का दौर 9 जनवरी तक रहने की पूरी संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग दिल्ली द्वारा जनवरी में इस बार मध्य इलाके में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने का अनुमान लगाया गया था, इस हिसाब से छत्तीसगढ़ में जनवरी में अधिक ठंड पड़ने के आसार हैं। रायपुर में पिछले दस बरस में न्यूनतम तापमान वर्ष 2013 में 8.4 डिग्री का रिकार्ड है, जिसके करीब पारा इस बार भी पहुंच सकता है।
मैनपाट सबसे नीचे
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक सरगुजा संभाग के सभी शहरों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और सीमावर्ती जिलों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे जा चुका है। पिछले चौबीस घंटे में सरगुजा का तापमान 5.1, कोरिया की सीमावर्ती क्षेत्रों में 4.1, डूमरबहार लगभग चार डिग्री, जशपुर का न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
दिन का तापमान भी नीचे
ठंडी हवा के प्रभाव से रात के साथ दिन का तापमान भी बहुत तेजी से नहीं बढ़ रहा है। शुक्रवार को रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। माना सहित शेष सभी प्रमुख स्टेशनों में तापमान सामान्य से नीचे रिकार्ड किया जा रहा है। अगले चौबीस घंटे में उत्तरी हिस्से में और गिरावट होने के आसार हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS