Congress Convention : 20 हजार कांग्रेसियों के बीच 500 वीवीआईपी... इनके लिए है अलग किचन, खाने के लिए सेक्शन भी अलग

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में चल रहे कांग्रेस के 85वां राष्ट्रीय महाधिवेशन में देश के अलग-अलग राज्यों से हजारों नेताओं सहित मीडिया और अन्य लोग पहुंचे हैं। मेहमानों के खाने की व्यवस्था के लिए 6 अलग-अलग किचन बनाए गए हैं। यहां करीब 15-20 हजार लोगों के खाने की व्यवस्था में 2 हजार लोग दिन रात लगे हुए हैं। यहां के कैटरिंग इंचार्ज शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि रायपुर के कैटर्स को खाने का टेंडर दिया गया है। उसकी ओर से चाइनीज, छत्तीसगढ़ और अन्य भोजन के लिए अलग-अलग कैटर्स को बुलाया गया है। ये सभी लोग सुबह 7-8 हजार लोगों का नाश्ता, 30-40 हजार लोगों का लंच और 25-30 हजार लोगों का डिनर तैयार कर रहे हैं। इसके साथ ही चाय और स्नैक्स की अलग से व्यवस्था की गई है। इसके लिए अलग से टीम बनाई गई है। इनकी ओर से इसे सुबह से लेकर लगातार रात तक दिया जा रहा है। सभी कर्मचारियों की ड्यूटी अलग-अलग लगाई गई है। एक टीम खाना सर्व करने में लगी है। एक टीम मटेरियल तैयार कर रही है और एक टीम हलवाई की उसे बनाने में लगी है। बड़ी संख्या में लड़के पानी की व्यवस्था में लगाए गए हैं।
एफ 1 से एफ 6 में बांटा गया किचन
एफ 4 किचन के इंचार्ज लक्ष्मी गुप्ता ने बताया कि, खाने की व्यवस्था के लिए 6 अलग-अलग किचन बनाए गए हैं। इन्हें एफ 1 से एफ 6 में बांटा गया है। एफ 1 से लेकर एफ 4 तक के किचन में कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के खाने का इंतजाम किया जा रहा है। वहीं एफ-5 में मीडिया कर्मियों के लिए व्यवस्था की गई है, जबकि एफ 6 में आने वाले ड्राइवर, गनमैन और सुरक्षाकर्मियों के खाने की व्यवस्था की गई है।
वीवीआईपी के लिए अलग किचन
इस अधिवेशन में 500 वीवीआईपी गेस्ट भी आए हैं। इसमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी से लेकर केंद्रीय स्तर के नेता और पदाधिकारी शामिल हैं। इनके लिए अलग से एक किचन बनाया गया है। इन सभी का भोजन इसी किचन में बन रहा है। बताया जा रहा है कि इसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ी व्यंजन की भी व्यवस्था कराई है।
कैटेगरी के मुताबिक एंट्री
जिस तरह से खाना बनाने के लिए 6 अलग-अलग किचन की व्यवस्था की गई है। उसी तरह खाना खाने के लिए भी 4 अलग-अलग सेक्शन बनाए गए हैं। यहां एंट्री भी कैटेगरी के मुताबिक दी जा रही है। किसी भी सेक्शन में दूसरा कोई प्रवेश न करे इसके लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS