Congress Convention : अधिवेशन की तैयारियां पूरी, बनाए गए 12 से ज्यादा एसी डोम, दिल्ली, नागपुर और इंदौर से मंगाई गईं लग्जरी गाड़ियां

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में 24 से 26 फरवरी तक होने वाले तीन दिवसीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। अधिवेशन के लिए भव्य पंडाल बनाया गया है। राज्योत्सव स्थल और इसके आस-पास 15 लाख वर्गफीट से अधिक क्षेत्रफल में अधिवेशन के लिए 12 से ज्यादा एयर कंडीशनर डोम तैयार किया गया है। जिस डोम में सारे वीआईपी रहेंगे, उसमें बड़ा मंच बनाया गया है। यह थीम बेस्ड है। मंच के आसपास ही 170 से ज्यादा एसी रहेंगे। भोजन डोम, बैठक डोम, मीडिया गैलरी सहित सभी डोम एयरकंडीशंड होंगे। अलग-अलग डोम में राष्ट्रीय अधिवेशन के लाइव प्रसारण के लिए बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। अधिवेशन में शामिल होने वाले लगभग 15 हजार सदस्य और ड्यूटी में लगे 5 हजार लोगों के लिए रोजाना वहीं भोजन बनेगा। रोज एक टाइम में रोटियां ही एक लाख बनेंगी और क्विंटलों में चावल, दालें और सब्जियां बनाई जाएंगी।
अधिवेशन में तकरीबन 15 हजार लोगों के आने की संभावना है। उनके लिए 1500 से ज्यादा गाड़ियों की व्यवस्था की जा रही है। नागपुर से 300 इनोवा, दिल्ली से 100 लग्जरी कारें, इंदौर-नागपुर से लग्जरी बसें मंगवाई गई है। तीन दिन के अधिवेशन के लिए दर्जनभर वाॅल्वो समेत सब मिलाकर 800 बड़ी-छोटी बसें पहुंच रही हैं। 700 छोटी गाड़ियों की बुकिंग की गई है। इसमें ढाई सौ वीआईपी के लिए लग्जरी कारें भी लगेंगी। उनकी सुरक्षा और पायलट-फाॅलो के रूप में 600 सरकारी गाड़ियां रहेंगी। प्रदेश की अधिकांश ट्रैवल एजेंसियों की सारी गाड़ियां बुक कर ली गई हैं। दूसरे राज्यों से भी बसें और कारें मंगवाई जा रही हैं।
3000 पुलिस वालों की लगाई गई ड्यूटी
कार्यक्रम के लिए 3000 पुलिस वालों की ड्यूटी लगाई गई हैं। आईजी इसके प्रभारी होंगे। उनके सहयोग के लिए 4 डीआईजी और डेढ़ दर्जन एएसपी की ड्यूटी लगाई गई है। अधिवेशन के भीतर सादी वर्दी में भी पुलिस वाले तैनात रहेंगे। जहां-जहां नेता रुकेंगे, वहां भी फोर्स रहेगी। वीवीआईपी और वीआईपी के आने का रूट अलग रहेगा। 400 जवान ट्रैफिक व्यवस्था संभालेंगे।
मैरिज पैलेस, होटल सब बुक
राष्ट्रीय अधिवेशन में आने वालों के लिए राजधानी के 150 बड़े-मझौले होटल पूरी तरह बुक कर लिए गए हैं। इसके अलावा 150 छोटे-बड़े रेस्ट हाउस, धर्मशाला, क्लब हाउस और मैरिज पैलेस को भी रिजर्व कर लिया गया है। सरकारी रेस्ट हाउस और सर्किट हाउस भी बुक हैं। कुछ मंत्री और नेताओं के बंगले में भी ठहरने की व्यवस्था की गई है। सूत्रों के अनुसार दुर्ग, भिलाई और महासमुंद के होटल-लॉज तक बुक हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को वहां ठहराया जा सके।
रोज बनेगा 20 हजार लोगों का खाना
देशभर से कांग्रेस नेता अधिवेशन में आएंगे, इसलिए मेनू में कई राज्यों की डिशें रखी गई हैं। भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी राजधानी के दो कैटरर्स को दी गई है। अधिवेशन स्थल पर रोज 20 हजार लोगों का हाई-टी, लंच और डिनर की व्यवस्था की जाएगी। रोजाना 15 क्विंटल चावल बनेगा और 1 लाख रोटियां बनाई जाएंगी। 4 क्विंटल दाल रोज पकेगी और सब्जियों की खपत भी करीब 5 क्विंटल के आसपास होगी।
राजकीय गमछे से होगा अतिथियों का स्वागत
अतिथियों का स्वागत प्रदेश के राजकीय गमछे से किया जाएगा। सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी, जयराम रमेश, दिग्विजय सिंह, अशाेक गहलोत सहित तमाम वीवीआईपी और कांग्रेस के प्रथम पंक्ति के नेताओं का स्वागत सिल्क से बने राजकीय गमछे से किया जाएगा। बाकी नेताओं का स्वागत कॉटन के गमछे से किया जाएगा। अधिवेशन के लिए करीब 10 हजार गमछे खरीदे जाएंगे।
प्रवेश के लिए बनाए गए 8 द्वार
अधिवेशन स्थल के भीतर 2000 और बाहर 3000 गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम स्थल में प्रवेश के लिए 8 द्वार बनाए गए हैं। कौन से द्वार से कौन आ-जा सकेगा, यह भी तय किया गया है। गेट नंबर-1 से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष, गांधी परिवार, कांग्रेस शासित राज्यों के सीएम समेत अन्य वीवीआईपी प्रवेश करेंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS