छत्तीसगढ़ के कांग्रेस विधायकों का दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन: 10 पहले से मौजूद 13 और विधायक दिल्ली पहुंचे

छत्तीसगढ़ के कांग्रेस विधायकों का दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन: 10 पहले से मौजूद 13 और विधायक दिल्ली पहुंचे
X
छत्तीसगढ़ के कांग्रेस विधायकों को इन दिनों दिल्ली में अचानक काम निकल आया है। अब वह कौन सा काम है, ये तो वही जानें, लेकिन सियासी गलियारों में विधायकों के दिल्ली दौरे को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। कौन क्या कह रहा है... खुद ही पढ़ लीजिए...

शाम तक और बढ़ सकती है विधायकों की संख्या, इधर सिंहदेव बोले- सभी 70 विधायक एक राय

रायपुर। कांग्रेस पार्टी में इन दिनों उठापटक का दौर राष्ट्रीय स्तर पर जारी है। ऐसा ही कुछ छत्तीसगढ़ कांग्रेस में भी चल रहा है। यहां शक्ति प्रदर्शन के दूसरे दौर का मंच तैयार हो गया है। कल से आज सुबह तक 13 विधायक दिल्ली रवाना हुए हैं। 10 विधायक दिल्ली में पहले से मौजूद हैं। शाम तक कुछ और विधायकों के दिल्ली जाने की खबरे मिल रही हैं। कांग्रेस विधायकों का पहला जत्था बुधवार को दिल्ली पहुंचा था। तब से प्रदेश की राजनीति गर्म है। उधर, दुर्ग में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा है कि सभी 70 के 70 विधायक एकमत हैं। जो हाईकमान कहेगा, सभी मानेंगे।

कांग्रेस विधायक ममता चंद्राकर, कुंवर सिंह निषाद, विनय भगत और लक्ष्मी ध्रुव शनिवार सुबह हवाई अड्‌डे पहुंचे। सभी ने कहा, वे निजी काम से दिल्ली जा रहे हैं। शुक्रवार शाम को चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव के साथ शिशुपाल शोरी, लालजीत सिंह राठिया, संतराम नेताम, राजमन बेंजाम, डॉ. केके ध्रुव, उत्तरी जांगड़े, किश्मतलाल नंद दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। रायपुर हवाई अड्‌डे पर पत्रकारों से बातचीत में मरवाही विधायक डॉ. केके ध्रुव ने कहा, उन्हें दिल्ली से बुलाया गया गया है, क्यों बुलाया गया है यह नहीं पता। वहीं रामकुमार यादव ने कहा, दिल्ली देश की राजधानी है। विधायकों को वहां ढेरों काम होते हैं। बताया जा रहा है कि चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव बुधवार को ही दिल्ली पहुंच गए थे। शुक्रवार सुबह वह रायपुर लौटे और शाम को 7 अन्य विधायकों के साथ दिल्ली रवाना हो गए। बताया जा रहा है, विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मंडावी, विधायक रेखचंद जैन, अनूप नाग, भुनेश्वर बघेल, चिंतामणि महाराज और चक्रधर सिदार जैसे कुछ और विधायक दिल्ली जाने के लिए रायपुर पहुंच चुके हैं। वहीं बृहस्पत सिंह, गुरुदयाल बंजारे, मोहित केरकेट्‌टा, डॉ. विनय जायसवाल, द्वारिकाधीश यादव, यूडी मिंज, पुरुषोत्तम कंवर, चंद्रदेव राय और प्रकाश नायक दिल्ली में ही डेरा डाले हुए हैं।

जल्द ही सीएम भी जा सकते हैं दिल्ली

सियासी गलियारों में जैसी चर्चा है उसके मुताबिक राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के दिल्ली वापस लौटते ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी दिल्ली जा सकते हैं। राहुल गांधी इस समय केरल के दौरे पर हैं। वहीं प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में मोर्चा संभाले हुए हैं। प्रियंका के यूपी में रहने की वजह से छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया खुद लखनऊ नहीं छोड़ पा रहे हैं। ऐसे में दिल्ली में जुट रहे कांग्रेस विधायकों के पास वहां रुके रहने के अलावा कोई काम नहीं है।

सीएम भूपेश बोले: विधायक लोग आते-जाते रहते हैं

उधर पत्रकरों के सवालों का जवाब देते हुए सीएम भूपेश बघेल ने कहा है कि मीडिया वाले इसके पीछे क्यों पड़ें हैं। कोई राजनीतिक घटनाक्रम हुई है क्या? विधायक गए हैं, फिर आएंगे। सीएम ने कहा कि विधायक लोग आते जाते हैं, हर व्यक्ति स्वतंत्र है। जब कोई घटना ही नहीं घट रही तो राजनीतिक चश्मे से क्यों देखा जा रहा है?

Tags

Next Story