सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट का विरोध करने वाली कांग्रेस छग में विधानसभा, सीएम हाउस और मंत्रियों का महल बना रही

भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे पत्र का उल्लेख करते हुए कहा है कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी की ओर से अब जवाब आना चाहिए कि छत्तीसगढ़ में उनकी सरकार द्वारा कोरोना महामारी के कालखंड में विधानसभा भवन, मुख्यमंत्री महल, मंत्री महल, हज महल का निर्माण क्यों कराया जा रहा है।
श्री अग्रवाल ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, कांग्रेस पार्टी व कांग्रेस नेताओं का आचरण हमेशा दोहरेपन व तुच्छता का रहा है। कोरोना की लड़ाई से लेकर सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट तक कांग्रेस का विरोध जनता को गुमराह करने वाला, झूठ फैलाने वाला व दहशतगर्दी का रहा है। पिछले एक साल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता को लेकर कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं और कांग्रेस पार्टी कोरोना से लड़ाई लड़ने के बजाय मोदी से लड़ाई में लगी हुई है।
एक तरफ सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी कोरोनाकाल की दुहाई देते हुए सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट का विरोध कर रही है, वहीं दूसरी ओर उनके संरक्षण में छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार, हजारों करोड़ खर्च कर नई राजधानी क्षेत्र में आवश्यकता नहीं होते हुए भी इसी कोरोनाकाल में विधानसभा भवन, मुख्यमंत्री महल, मंत्री महल व हज महल बना रही है, आखिर क्यों? कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को यह बताना चाहिए कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा भवन, मुख्यमंत्री निवास, मंत्रियों के निवास के रहते हजारों करोड़ खर्च कर नए महल बनाने की क्या आवश्यकता है।
सोनिया गांधी, राहुल गांधी व कांग्रेस पार्टी को यह भी बताना चाहिए कि सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट, जिसकी यूपीए सरकार में तत्कालीन लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने आवश्यकता को रेखांकित किया था। अब इसी प्रोजेक्ट का किस मुंह से विरोध कर रही है। यही तो कांग्रेस व कांग्रेस के नेताओं का विरोधाभासी चरित्र है।
कांग्रेस का दोहरा चरित्र
श्री अग्रवाल ने कहा है कि कांग्रेस और कांग्रेस के नेता हमेशा कंफ्यूजन में रहते हैं। कांग्रेस पार्टी ने पहले लाॅकडाउन का विरोध किया। अब सभी कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री खुद लाॅकडाउन लगा रहे हैं और राहुल गांधी देश में लाॅकडाउन की बात कर रहे हैं। कांग्रेस एवं कांग्रेस के नेताओं ने खुलेआम टीकाकरण का विरोध कर देश के वैज्ञानिकों का अपमान किया।
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने तो एक कदम आगे बढ़कर कहा था। वे छत्तीसगढ़ की जनता को कोवैक्सीन नहीं लगवाएंगे। केंद्र सरकार कोवैक्सीन की खेप छत्तीसगढ़ में न भेजे और अब यही कांग्रेस के नेता और कांग्रेस पार्टी वैक्सीनेशन के लिए हल्ला मचा रही है। यह कांग्रेस का कैसा दोहरा चरित्र व दोहरा मापदंड है।
राज्य नाकाम हुए तो केंद्र पर आरोप लगा रहे
श्री अग्रवाल ने कहा कि कोविड-19 को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने कमान अपने हाथ में लेकर पूरे देश में कोविड-19 के खिलाफ अभियान चलाना शुरू किया तो कांग्रेस पार्टी व इनके राज्यों के मुख्य मंत्रियों ने कोविड-19 को लेकर अधिकार विकेंद्रीकरण की मांग कर कार्रवाई के अधिकार राज्यों को देने की मांग की और केंद्र ने राज्यों को अधिकार दे दिया। जब ये कुछ नहीं कर पा रहे हैं तो फिर केंद्र पर आरोप क्यों लगा रहे हैं। यही कांग्रेस और कांग्रेस नेताओं का दोहरा चरित्र है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS