मिशन-2023 की तैयारी में जुटी कांग्रेस, पार्टी पदाधिकारियों को दिया जीत का मंत्र

विधानसभा चुनाव- 2023 की तैयारियों में जुटी कांग्रेस ने प्रदेश पदाधिकारियों ओर माेर्चा-प्रकोष्ठ के अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। राज्य सरकार के ढाई साल पूरा होने पर भाजपा वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगा रही है। वहीं कांग्रेस ने अपने पदाधिकारियों के लिए प्रशिक्षण सत्र शुरू किया है। प्रशिक्षण शिविर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में जाना है तो अभी से तैयारी शुरू करें। नए लोगों को जिम्मेदारी मिली है इन्हीं के नेतृत्व में चुनाव लड़ना है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अगर हमसे कोई सवाल कर रहा है तो उसमें कोई आपत्ति नहीं है लेकिन हमारे पास उसका जवाब होना चाहिए।
कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में कांग्रेस पदाधिकारियों ओर मोर्चा-प्रकोष्ठ के अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के चार सत्र में कांग्रेस के इतिहास, विचारधारा, गांधी-नेहरूवाद, देश की मौजूदा चुनौतियों और राज्य सरकार की ओर से अब तक कराए गए कार्यों और योजनाओं पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस अवसर पर कहा, इस प्रशिक्षण शिविर को बूथ लेवल तक लेकर जाना है।
प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम की अध्यक्षता में कमेटी बनी है। यह 5 सदस्यीय बूथ कमेटी बनाने का काम करेगी। इस कमेटी को राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की जवाबदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि देश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने क्या-क्या किया यह लोगों को बताना है। कांग्रेस के इतिहास को जानने की जरूरत है। छत्तीसगढ़ में हमने शपथ लेने के बाद सबसे पहले अपने वादे पूरे किए। धान का 25 सौ रुपए समर्थन मूल्य दिया।
नगरनार में आदिवासियों की जमीन लौटाने का काम पूरा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने युवाओं, आदिवासियों और महिलाओं के लिए लड़ाई लड़ी है। नक्सल से बड़ी समस्या कुपोषण है अशिक्षा है जिसके खिलाफ लड़ाई जारी है। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया और पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव भी मौजूद थे।
आरोपों का जवाब दे भाजपा
उन्होंने भाजपा के 17 जून तक आंदोलन पर कहा है कि भाजपा के पास अब कोई काम नहीं बचा है, हमसे जवाब मांगने के पहले उन्हें खुद जवाब देना होगा। 15 साल उन्होंने क्या किया, जनता को यह बताना होगा। 7 साल पहले किन बातों के साथ केंद्र में भाजपा सरकार बनी थी। पीएम ने कहा था चुनाव के पहले रिपोर्ट कार्ड दूंगा। पीएम ने आज तक रिपोर्ट कार्ड नहीं दिया जो वादे किए उसे पूरा नहीं किया। यह भी जनता को बताना होगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS