कांग्रेस ने कहा- स्काई वॉक की जांच से घबराए भाजपाई

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, भाजपा स्काई वाक भ्रष्टाचार की जांच से घबरा गयी है। अब भाजपा के नेता बौखलाकर अनर्गल बयानबाजी पर उतर आये हैं। यदि भ्रष्टाचार किया नहीं है, तो डर किस बात का भाजपा को स्काई वॉक के जांच का स्वागत करना चाहिये। भाजपा प्रवक्ता संदीप शर्मा ने इस पर पलटवार करते हुए कहा, स्काईवॉक पर मुख्यमंत्री का कल का झूठ नहीं चला, हमने तथ्यों के साथ उनका उत्तर दिया, इसलिए वे आज फिर मैदान पर आ गए।
सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, भाजपा को स्काई वॉक बनवाने की उपयोगिता के बारे में भी जनता को बताना चाहिये। आखिर क्या सोच कर रमन सरकार ने स्काई वॉक बनाया था? जिसमें 25 फीट ऊंचाई पर चढ़कर पैदल चलने के लिये लोग जायेंगे। यह सुझाव रमन सिंह को किस विशेषज्ञ ने दिया था? स्काई वॉक के साथ एक्सप्रेस-वे घोटाले की जांच भी होनी चाहिये, जो उद्घाटन के एक माह के अंदर ही धसक गयी। उस पर बनाये गये पुल-पुलिये, फ्लाईओवर दरक गये। इसके साथ ही डीकेएस अस्पताल घोटाले की भी जांच होनी चाहिये। नान घोटाले और झीरम की जांच के लिये गठित एसआईटी को रोकने भाजपा के नेता धरमलाल कौशिक कोर्ट से स्टे लेकर आये हैं।
मुख्यमंत्री की बात की विश्वसनीयता नहीं- शर्मा
भाजपा प्रवक्ता संदीप शर्मा ने कहा, सरकार ने स्काईवॉक पर तीन कमेटी बनाई, परंतु ईओडब्ल्यू से जांच अपने प्रवक्ता के पत्र पर करवा रहे हैं। इससे साफ पता चल रहा है कि तीनों कमेटी ने कोई विपरीत रिपोर्ट नहीं दी, उसके बाद राजनीतिक कारणों से यह आरोप लगा रहे हैं। सरकार पूर्व में कई एसआईटी गठित कर चुकी है, परंतु एक का भी कोई परिणाम नहीं निकला। उन्होंने कहा, कितनी हास्यास्पद बात है कि मुख्यमंत्री कहते हैं एक भ्रष्टाचारी की जांच कैसे हो वह अपनी मांग नहीं कर सकता। मतलब यह कांग्रेस सरकार इतनी हड़बड़ी में है कि जांच के पहले ही पूर्व मंत्री को भ्रष्टाचारी घोषित कर दिया। भूपेश बघेल झूठ बोलते हैं ये कई बार प्रमाणित हो चुका हैं। झीरम कांड के सबूत जेब में लिए घूमते थे। अब तक वो जेब वाला कुर्ता कहा टंगा हुआ है, किसी को पता नहीं, इसीलिए उनकी बात की कोई विश्वसनीयता नहीं है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS