हाथ से हाथ जोड़ो अभियान से चुनावी आगाज करेगी कांग्रेस

रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का फॉलोअप करने हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा अभियान चलाएगी। छत्तीसगढ़ में दिसंबर 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव का आगाज इसी यात्रा से किया जाएगा। पीसीसी ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है। यात्रा के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक के रूप में अजय यादव को छत्तीसगढ़ में नियुक्त किया गया है। यहां पर सभी 307 ब्लॉक में पर्यवेक्षक नियुक्त कर यात्रा की मॉनिटरिंग की जाएगी।
अगले वर्ष प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने युद्धस्तर पर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।भारत जोड़ो यात्रा से उत्साहित होकर कांग्रेस हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा अभियान शुरू करने जा रही है। हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा के परिपेक्ष्य में प्रदेश स्तर की बैठकें हो चुकी हैं। जिला स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। ब्लॉक, बूथ और सेक्टर स्तर की बैठक होगी। सभी तैयारियों के बाद इस अभियान का आगाज 26 जनवरी से किया जाना है। इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक कांग्रेसी अपने अपने ब्लाॅक क्षेत्र, बूथ एवं सेक्टर और प्रत्येक घर तक पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद करेंगे।
आरक्षण विधेयक पर पांपलेट हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत केंद्र सरकार पर प्रहार करने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं का जनता के बीच प्रचार किया जाएगा। साथ ही प्रदेश में आरक्षण विधेयक के राजभवन में अटकाने को लेकर कांग्रेस जनता के बीच भाजपा की साजिश को लेकर एक पांपलेट भी जारी करेगी। जनता को यह बतायाजाएगा कि सभी वर्गों को मिलने वाले आरक्षण विधेयक को रुकवाने में भाजपा का हाथ है। मामले में कांग्रेस सभी जिलों और बूथ प्रभारियों के माध्यम से इसे प्रचारित करेंगे।
सक्रिय किए जाएंगे कार्यकर्ता
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश के 27 हजार बूथों को कवर करने का प्लान बनाया है। हर मतदान केंद्र और घर-घर तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। चुनाव के बहाने राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार किया जाएगा। हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा के बहाने मार्च तक चलने वाले अभियान को लेकर कांग्रेस पदाधिकारी, जिला अध्यक्षों के साथ प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर वहां पर पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करेंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS