कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक अमितेष शुक्ल के खिलाफ खोला मोर्चा : भ्रष्टाचार की आरोपी महिला सरपंच का साथ देने का लगाया आरोप

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक अमितेष शुक्ल के खिलाफ खोला मोर्चा : भ्रष्टाचार की आरोपी महिला सरपंच का साथ देने का लगाया आरोप
X

4 जिला महामंत्री, 2 ब्लॉक महामंत्री समेत 200 से ज्यादा कांग्रेस पदाधिकारियों ने दिया इस्तीफा

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में इन दिनों खलबली मची हुई है। पहले विधायकों ने मंत्री पर आरोप जड़े और अब कार्यकर्ता, पदाधिकारियों ने अपनी ही पार्टी के विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस तरह की एक खबर गरियाबंद जिले से सामने आई है। एक ही गांव के 200 से अधिक कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा दे दिया है। जिसमें 4 जिला कांग्रेस कमेटी महामंत्री और 2 ब्लॉक महामंत्री भी शामिल हैं। कांग्रेसियों ने कांग्रेस से राजिम के विधायक अमितेष शुक्ल पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है। कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार के मामले में गांव की महिला सरपंच का साथ देने का आरोप लगाया है। मामला कोपरा ग्राम पंचायत का है। इस्तीफा पत्र में लिखा गया है कि ग्राम पंचायत कोपरा में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सदस्यों को पार्टी पदाधिकारियों और विधायक अमितेष शुक्ल का सहयोग नहीं मिल रहा है। जिस कारण कांग्रेस जन हताश होकर पार्टी के पद और कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे रहे हैं। बहरहाल अब देखना होगा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी इस मामले में क्या निर्णय लेती है। उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत में करोड़ो रूपये का भ्रष्टाचार का आरोप लगा था। जांच रिपोर्ट में भी सामने आया है। इन्ही मामले में ग्राम पंचायत के सचिव को निलंबित कर दिया गया है। पिछले दिनों हजारों ग्रामीण सरपँच को बर्खास्त करने की मांग को लेकर नेशनल हाईवे में चक्का जाम भी कर चुके है।












Tags

Next Story