पंचायत और नगरीय उपचुनाव में कांग्रेस-भाजपा के बीच रहा मुकाबला

रायपु। छत्तीसगढ़ में गैर दलीय आधार पर हुए त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं और दलीय आधार पर हुए नगरीय निकायों के उपचुनावों में राज्य की सत्ताधारी कांग्रेस और मुख्य विपक्षी भाजपा के बीच सीधे मुकाबले की तस्वीर सामने आई है। हालांकि कांग्रेस ने भरोसा जताया है कि उसकी 90 प्रतिशत स्थानों पर जीत हो रही है। इन खाली सीटों के लिए हुआ चुनाव राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायतों में प्रदेश के 31 जिलों में स्थित कुल 500 पदों, जिनमें जिला पंचायत सदस्य के 1 पद, जनपद पंचायत सदस्य के 9, सरपंच के 83 तथा पंच के 407 पद के लिए सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा की गई। इसी प्रकार राज्य के 12 जिलों में स्थित 14 नगरपालिकाओं, जिनमें 3 नगर निगम, 4 नगरपालिका परिषद तथा 7 नगर पंचायतों के 15 वार्डों में मतगणना और निर्वाचन परिणामों की घोषणा की गई है।
ऐसे रहे परिणाम
नगरीय निकायों के उपचुनावों के परिणाम अलग-अलग स्थानों से सामने आए हैं। कवर्धा में कांग्रेस प्रत्याशी श्रद्धा नामदेव ने भाजपा प्रत्याशी शैला ठाकुर को 280 वोटों से हराया। बताया गया है कि यह चुनाव कवर्धा जिला भाजपा अध्यक्ष के वार्ड में हुआ था। यहां भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा है। बिलासपुर में बीजेपी प्रत्याशी श्रद्धाजैन ने जीत दर्ज कर ली है। उन्होंने वार्ड 16 से कांग्रेस प्रत्याशी अनिता कश्यप को 232 वोटों से हराया। सक्ती जिले के बाराद्वार नगर पंचायत वार्ड नंबर 7 के उपचुनाव का रिजल्ट आ गया है। यहां बीजेपी उम्मीदवार पंकज सांवड़िया 48 मतों से जीत गए हैं। उन्हें 186 वोट मिले। कांग्रेस उम्मीदवार को 138 मत मिले। चिरमिरी के वार्ड क्रमांक 22 से कांग्रेस प्रत्याशी ने 150 से अधिक मतों से जीत दर्ज की है। रायगढ़ नगर निगम वार्ड 27 के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी सरिता राजेंद्र ठाकुर विजयी हुई हैं। उन्हें 865 वोट मिले हैं। वहीं कांग्रेस की रानी अशोकसोनी को 599 वोट मिले।
बलौदाबाजार में कांग्रेस का परचम
नगर पालिका परिषद बलौदाबाजार के वार्ड क्रमांक-5 की मतगणना के बाद रिजल्ट घोषित कर दिए गए हैं। यहां कुल 728 वोट पड़े थे। इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी धर्मेंद्र वर्मा ने बीजेपी प्रत्याशी मयाराम को 20 वोटों के अंतर से हरा दिया। धर्मेंद्र वर्मा को 367 वोट, बीजेपी प्रत्याशी मयाराम को 347 वोट, नोटा को 2 वोट और 12 वोट निरस्त किए गए। कलेक्टर रजत बंसल ने विजयी प्रत्याशी को प्रमाणपत्र सौंपा। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जोगी के उपाध्यक्ष रहे प्रकाश शर्मा के निधन से ये सीट खाली हुई थी।
कांग्रेस ने जताया आभार, ये कहा..
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने नगरीय निकायों तथा पंचायत उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए इस भरोसे के लिए प्रदेश के मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा, नगरीय निकायों तथा पंचायतों के उपचुनाव में 90 प्रतिशत से अधिक क्षेत्रों में जनता ने कांग्रेस प्रत्याशियों के प्रति भरोसाजताया है। यह कांग्रेस पार्टी के जनता के अटूट स्नेह का परिणाम है, जो 2018 में विधानसभा चुनाव के बाद लगातार बढ़ता जा रहा है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS