आरक्षण पर विवाद जारी, व्यापम ने जारी किए भर्ती परीक्षा के परिणाम

आरक्षण पर विवाद जारी, व्यापम ने जारी किए भर्ती परीक्षा के परिणाम
X
समूचे प्रदेश में आरक्षण पर विवाद जारी है। इस बीच व्यापम ने वैज्ञानिक भर्ती परीक्षा के परिणाम भी जारी कर दिए हैं। हालांकि परीक्षार्थियों को नियुक्ति कब मिलेगी तथा आरक्षण का आधार क्या होगा यह अभी तक स्पष्ट नहीं किया है गया है।

आरक्षण पर जारी विवाद के बीच व्यापम ने वैज्ञानिक भर्ती परीक्षा के परिणाम जारी कर दिए हैं। आरक्षण पर विवाद प्रारंभ होने के बाद यह पहली बार है, जब किसी प्रतियोगी परीक्षा के नतीजे घोषित किए गए हो। परीक्षार्थियों को नियुक्ति कब मिलेगी तथा आरक्षण का आधार क्या होगा, यह स्पष्ट नहीं किया गया है। केवल परिणाम ही व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने अपने वेबसाइट में अपलोड किए हैं। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के अंतर्गत वैज्ञानिक के दो पद के लिए व्यापम ने यह परीक्षा ली थी। बीते वर्ष 11 सितंबर को परीक्षा लेने के बाद 26 सितंबर का परिणाम जारी कर एक अक्टूबर तक दावा आपत्ति मंगाई गई थी। सामान्यत: दावा आपत्ति की तिथि समाप्त होने के 15 दिनों के भीतर ही अंतिम नतीजे जारी कर दिए जाते हैं। आरक्षण के कारण ऐसा संभवत: पहली बार हुआ है जब अंतिम उत्तर व परिणाम घोषित करने में तीन माह से अधिक का समय लगा हो।

पीएससी के नतीजे तैयार, घोषणा नहीं

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा कई भर्ती परीक्षाओं के परिणाम रोके गए हैं। इसमें से मुख्य सेवा परीक्षा-2021 प्रमुख है। इसके लिए साक्षात्कार आयोजित किए जा चुके हैं। सूत्रों के अनुसार, अंतिम परिणाम भी तैयार है। आरक्षण को लेकर स्थिति स्पष्ट होने के बाद इसके परिणाम जारी किए जाएंगे। इसके अलावा कई अन्य भर्ती परीक्षाओं के नतीजे भी पीएससी ने रोके हैं। हालांकि नई भर्तियों के लिए परीक्षाएं निरंतर आयोजित की जा रही हैं। 26 फरवरी को होने वाली सिविल जज परीक्षा के लिए भी पीएससी ने शेड्यूल जारी कर दिया है। रायपुर, बिलासपुर व दुर्ग-भिलाई में इसके लिए केंद्र बनाए जाएंगे। माइनस मार्किंग इस परीक्षा में नहीं होगी।

Tags

Next Story