गोठान के काम को लेकर विवाद : जिला पंचायत सदस्य का समूह की महिलाओं से जमकर विवाद, देखिए वीडियो...

आकाश सिंह पवार/C। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में स्थित मरवाही के गोठान में खरीदी बिक्री को लेकर जिला पंचायत सदस्य और महिला के बीच वाद-विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। दरअसल जिला पंचायत बिलासपुर के अंतर्गत जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 21 मरवाही से शुभम पेंद्रो जिला पंचायत सदस्य और एनएसयूआई का प्रदेश उपाध्यक्ष है। जब जिला पंचायत सदस्य शुभम पेन्द्रो मरवाही के गुल्लीडांड़ में गोठान समिति की बैठक में पहुंचे तो उनका विवाद समिति की महिलाओं से हो गया। मॉडल गोठान गुल्लीडांड़ में समिति कार्य पूरी तरह से बंद हो जाने और पिछला भुगतान न हो पाने के कारण महिलाओं ने शुभम पेन्द्रो से बात करनी चाही थी। इसके बाद बैठक में शुभम के पहुंचने से महिलाओं और शुभम पेन्द्रों के बीच जमकर वाद-विवाद हो गया।
विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि किस प्रकार शुभम पेंद्रो और गुल्लीडांड़ गोठान की पूर्व अध्यक्ष जानकी केंवट के बीच जमकर नोक-झोंक और विवाद पोल खरीदी की दर और अन्य समस्याओं को लेकर हो रहा है। शुभम पेंद्रो इस दौरान यह भी कहते हुए नजर आ रहे हैं कि वह उनका क्षेत्र है और वो यहां क्यों नहीं आएंगे। उन्होंने महिलाओं से यह तक कह दिया कि अगली बार वह चुनाव नहीं लड़ेंगे ताकि इस प्रकार की दबाव का सामना न करना पड़े। इसके अलावा उन्होंने खुद को इस प्रकार घेरने की बात कहते हुए यहाँ तक कह दिया कि विधायक और दूसरे नेताओं को आप लोग क्यों नहीं बोलते, तब लोगों ने इसका भी विरोध किया। इसके बाद उन्होंने किसी को फोन पर इन महिलाओं के खिलाफ जब एफआईआर की चर्चा की तो महिलाओं ने भी उनके ऊपर एफआईआर करने एक स्वर से बात कही। हालांकि अब तक कोई शिकायत नहीं हुई है।
गोठान का काम बंद
वहीं इस पूरे विवाद के बाद शुभम पेंद्रो ने एक वीडियो जारी कर पूरे मामले की जानकारी देते हुए महिलाओं की ओर से दबाव बनाने की बात कही है। वहीं जानकी केंवट ने बताया कि मरवाही जनपद सीईओ राहुल गौतम के पद में आने के बाद गोठान का सम्पूर्ण काम बंद हो गया है। इसकी शिकायत के लिए हमने जिला पंचायत सदस्य से बात करनी चाही तो उनकी ओर से विवाद किया गया।
भाजपा का तंज- महिला सुरक्षा और सम्मान का दिखावा
बहरहाल नेताओं के गोठान को लेकर यह विवाद अब सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बना है, तो वहीं भाजपा को बैठे-बैठाए मुद्दा मिल गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अंकुर गुप्ता ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए महिला सुरक्षा और सम्मान का दिखावा करने का आरोप लगाया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS