कोरोना संदिग्ध महिला को इंजेक्शन लगाकर की अश्लील हरकत, जिला अस्पताल का वार्ड बॉय गिरफ्तार

कोरबा। जिला अस्पताल में कोरोना संदिग्ध महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला 2 बच्चों के साथ ओडिशा से कोरबा लौटी थी। आरोप है कि अस्पताल में इलाज के दौरान वार्ड बॉय ने छेड़छाड़ की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने महिला से छेड़छाड़ के मामले में जिला अस्पताल के वार्ड बॉय शुभम गोस्वामी को गिरफ्तार किया है। आरोपी रामपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत पोड़ीबाहर का रहने वाला है। जानकारी के मुताबिक ओड़िसा से कोरबा लौटी महिला अपने 2 बच्चों के साथ ग्राम रंजना के क्वारेंटाइन सेंटर में क्वारेंटाइन थी, जहां महिला को लगभग 11 दिन बीत चुके थे। इसके बाद शुक्रवार की रात महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पीड़िता के मुताबिक दो छोटे बच्चों के साथ जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हुई महिला ने वार्ड बॉय से गर्म पानी मांगा तब वह महिला को रूम में आने की बात कहने लगा। इसके बाद वह महिला को बच्चों को जल्दी सुला देने के लिए कहने लगा। रात करीब 11 बजे वार्ड बॉय शुभम गोस्वामी इंजेक्शन लेकर महिला के वार्ड में घुस गया, महिला को इंजेक्शन लगाने के बाद उससे छेड़छाड़ करने लगा। जिस पर महिला ने बाहर बैठे सुरक्षा कर्मियों को आवाज लगाई, जिसके बाद वार्ड बॉय मौके से फरार हो गया।
महिला द्वारा इसकी शिकायत रामपुर चौकी में की गई है। चौकी प्रभारी व उनकी टीम ने छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 354 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS