चौबीस घंटे का इंतजार खत्म, खाते में आया 65 हजार डोज, आज से सभी केंद्रों में टीका

शहर के टीका केंद्रों में चौबीस घंटे पहले लगा ताला गुरुवार को फिर खुल जाएगा। केंद्र सरकार से दोनों वैक्सीन की लगभग चार लाख डोज मिली है। इसमें से 65 हजार रायपुर जिले के खाते में आया है। बुधवार को राजधानी में किसी भी सरकारी केंद्रों में वैक्सीनेशन नहीं किया गया था। लोग शुल्क देकर निजी अस्पतालों में टीका लगवा रहे थे। वहीं जिले में करीब 15 सौ लोगों को टीका लगाया गया।
रायपुर जिले के साथ प्रदेश के अधिकांश जिलों में बुधवार को वैक्सीनेशन की रफ्तार बेहद सुस्त थी और शाम छह बजे तक कोविन पोर्टल के आंकड़ों के मुताबिक 35 हजार लोगों को टीका लगा था। जिले में केवल तिल्दा, धरसींवा, बीरगांव और आरंग में लगभग पंद्रह सौ लोगों को टीका लगाया गया। अपनी पहली और दूसरी खुराक की तारीख आने का इंतजार कर रहे राजधानी के लोगों को आज मायूसी का सामना करना पड़ा।
गुरुवार को जिले के लगभग दो सौ टीका केंद्र फिर से काम करने लगेंगे। थोक में लोगों को वैक्सीन की डोज दी जाएगी। जानकारी के मुताबिक केंद्र से मिली दोनों कंपनियों की वैक्सीन में से रायपुर जिले को को-वैक्सीन की 15040 डोज तथा कोविशील्ड की 50 हजार खुराक प्राप्त हुई है। जिसकी मदद से यहां तेजी से वैक्सीनेशन अभियान पूरा किया जाएगा।
जिले में 18 प्रतिशत को फुल डोज
रायपुर जिले में अब तक करीबन 33 प्रतिशत लोगों को वैक्सीन की पहली खुराक दी जा चुकी है। 18 प्रतिशत लोग वैक्सीन की दोनों खुराक का सुरक्षा कवच प्राप्त कर चुके हैं। बाकी लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार कोशिश की जा रही है। जिला टीकाकरण अभियान के नोडल अधिकारी राजीव पाण्डेय ने बताया है कि वर्तमान में जिले के पास वैक्सीन की पर्याप्त स्टाक है। लोग केंद्रों तक आकर अपनी पहली अथवा दूसरी वैक्सीन लगवा सकते हैं।
केंद्र से मिली लगभग 4 लाख खुराक
राज्य टीकाकरण अधिकारी डा. वीआर भगत ने बताया, केंद्र सरकार द्वारा बुधवार को हैदराबाद से आने वाली फ्लाइट में करीबन एक लाख को-वैक्सीन तथा मुंबई से आने वाली फ्लाइट में करीबन तीन लाख कोविशील्ड की सप्लाई की गई है। इसके पहले जिलों में वैक्सीन का स्टाक काफी कम हो चुका था। बड़ी संख्या में सप्लाई मिलने से टीकाकरण अभियान में तेजी आएगी। प्रदेश में अब तक एक करोड़ से अधिक लोगों को पहला टीका लगाया जा चुका है जबकि 24 लाख से ज्यादा को दूसरी खुराक दी जा चुकी है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS