बस्तर फाइटर्स के जवान की मौत : मैदान में दौड़ने के दौरान अचानक गिरा और उल्टी की, अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टर ने मृत घोषित किया

बस्तर फाइटर्स के जवान की मौत : मैदान में दौड़ने के दौरान अचानक गिरा और उल्टी की, अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टर ने मृत घोषित किया
X
रोज की तरह मैदान में अन्य प्रशिक्षु जवानों के साथ वह दौड़ लगा रहा था। इस बीच अचानक जमीन पर गिर गया। वहां मौजूद ट्रेनर जवान की ओर दौड़े तो वह खून की उल्टी कर रहा था। उसके साथियों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पढ़िए पूरी खबर ....

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बस्तर फाइटर्स फोर्स के एक प्रशिक्षु जवान ट्रेनिंग के दौरान मैदान में दौड़ लगा रहा था। इस बीच वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा। गिरने के बाद उसे खून की उल्टियां हुई। मैदान में दौड़ रहे जवान उसे उपचार के लिए ले जाने वाले ही थे कि उसने दम तोड़ दिया। जवान कोंडागांव जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।

बताया गया है कि मृत जवान 24 वर्षीय मुन्नालाल पोयाम कोंडागांव जिले के दहीकोंगा गांव का रहने वाला था, जो हाल ही में बस्तरिया बटालियन में भर्ती हुआ था। उसकी ट्रेनिंग बीजापुर जिले के धनोरा स्थित सीएएफ कैंप में चल रही थी। गुरुवार को रोज की तरह मैदान में अन्य प्रशिक्षु जवानों के साथ वह दौड़ लगा रहा था। इस बीच अचानक जमीन पर गिर गया। वहां मौजूद ट्रेनर जवान की ओर दौड़े तो वह खून की उल्टी कर रहा था। उसके साथियों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार में छाया मातम

गुरुवार की शाम तक पोस्टमार्टम नहीं हुआ था। पुलिस के मुताबिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। मृत जवान के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद गृहग्राम ले जाया जाएगा, जहां जवान का अंतिम संस्कार होगा। घटना की सूचना परिजनों को दी गई है, जहां परिवार में इस घटना से मातम छाया है।

2800 युवाओं की हुई है भर्ती

विदित हो कि बस्तर संभाग में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के लिए बस्तर फाइटर्स फोर्स का गठन किया गया है। इसमें संभाग के सातों जिलों से कुल 2800 युवाओं की भर्ती की गई है। प्रत्येक जिले से 400-400 युवा इस फाइटर्स में भर्ती किए गए हैं, जिन्हें प्रशिक्षण के बाद नक्सलियों के खिलाफ तैनात किया जाएगा।

Tags

Next Story