तेंदुए के शावक की मौत : वाहन से टकराने की आशंका, शरीर पर मिले चोट के कई निशान

तेंदुए के शावक की मौत : वाहन से टकराने की आशंका, शरीर पर मिले चोट के कई निशान
X
देवरी गांव के पास शनिवार को तेंदुए के शावक का शव मिला है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया है।

गौरव श्रीवास्तव-कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के देवरी गांव के पास शनिवार को तेंदुए के शावक का शव मिला है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया है। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि तेंदुए की मौत किसी गाड़ी के टक्कर में हुई होगी।

मृत शावक की उम्र 6 से 7 माह बताई जा रही है। उसके शव पर चोट के निशान हैं। वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि जिस तरह के चोट शावक के शरीर पर पाए गए हैं, इससे लगता है कि उसे किसी वाहन ने जोरदार टक्कर मारी होगी, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने देखा शव और सरपंच को दी सूचना

ग्रामीणों के अनुसार शनिवार 18 फरवरी की सुबह उन्होंने देवरी गांव की बस्ती के नजदीक तेंदुए का शव देखा और इसकी सूचना सरपंच को दी। सरपंच ने तत्काल वन विभाग को फोन लगाया। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर उसे वन विभाग के रेस्ट हाउस ले जाया गया है, जहां तेंदुए के शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। 6 से 7 माह के शावक की लाश गांव के नजदीक मिलने से यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि आसपास ही मादा तेंदुआ भी होगी। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए कहा है। वन अमला आसपास के क्षेत्रों में निगरानी भी कर रहा है।

आबादी इलाकों में पहुंचने लगे जंगली जानवर

ठंड कम होते ही एक बार फिर जंगली जानवर आबादी वाले इलाकों में नजर आने लगे हैं। कांकेर शहर से शिव नगर की पहाड़ी पर भी तेंदुआ देखा गया है, जिससे लोगों में दहशत बनी है। इधर रोजाना भालू भी पहाड़ी से उतरकर रिहायशी इलाकों में पहुंच रहे हैं। जंगली जानवरों की आबादी वाले इलाकों में घुसने से लोगों की जान आफत में है।

Tags

Next Story