अपने कार्यकर्ताओं के इस्तीफे पर भावुक हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष: बताया भाजपा-आरएसएस की साजिश

गरियाबंद। गरियाबंद जिले के सबसे बड़े गांव कोपरा में 200 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के इस्तीफे को कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने बीजेपी और RSS की साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ऐसा नहीं करेंगे। मुझे इस बात का बहुत दुख है कि उन्होंने इस तरह के गंभीर आरोप कांग्रेस विधायक और पार्टी पर लगाए हैं। यह बात कहते-कहते कांग्रेस जिला अध्यक्ष भाव सिंह साहू की आंखों में आंसू भर आए और वो रो पड़े। आखिर में उन्होंने हाथ तक जोड़ लिए।
महामंत्री समेत 200 कार्यकर्ताओं ने दिया इस्तीफा
कुछ दिन पहले ही जिले के कोपरा पंचायत के 4 जिला महामंत्री, दो ब्लॉक महामंत्री समेत 200 कार्यकर्ताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इन कार्यकर्ताओं ने राजिम से कांग्रेस विधायक अमितेश शुक्ल के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि वे जिस सरपंच के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। और विधायक उसी सरपंच का साथ दे रहे हैं। जबकि विधायक पर पंचायत पहले से ही भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने मीडिया से कहा कि कोपरा के कांग्रेसी कभी ऐसा नहीं कर सकते। इसमें जरूर भाजपा और आरएसएस के लोगों का षडयंत्र है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जरूर दबाव में है। इस वजह से उन्होंने ऐसा किया होगा और किसी भी कार्यकर्ता का इस्तीफा मंजूर नहीं होगा, बैठक कर पूरे मामले को शांत कर लिया जाएगा। जिला अध्यक्ष ने कहा कि जिस तरह के आरोप विधायक पर लगाए गए हैं। वह पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। राजिम के पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष भावसिंह साहू को अपरिपक्व बताते हुए उन्हें विधायक से स्थिति स्पष्ट करवाने की सलाह दी है। उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस अपनी गलतियों के कारण जब भी परेशानी में आती है तो उसका आरोप भाजपा पर मढ़ने लगती है। कहा कि कांग्रेस शायद आरएसएस के बारे में सही से नहीं जानती। उन्होंने राजिम विधायक से सेंदर, भैंसतरा और कोपरा में रुकी कार्रवाई पर अपनी सफाई पेश करने की मांग की है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS