पंप हाउस के छोटे से कमरे में मरी मिलीं दर्जनभर गायें, प्रशासन में हड़कंप... आखिर किसने और क्यों वहां गायों को बंधक बनाया ? सियासत भी शुरू

टेकचंद कारड़ा-तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर ब्लाक के ग्राम पंचायत नेवरा में पानी टंकी के नीचे बने पम्प हाऊस के एक छोटे से कमरे में रखी 12 गायों की मृत्यु हो गई। इस घटना के सामने आने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, तखतपुर विकासखण्ड अंतर्गत पंचायत नेवरा जिला बिलासपुर मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूरी पर स्थित है। ग्राम पंचायत नेवरा में आज लगभग शाम 5 बजे बस स्टैण्ड के आसपास मवेशी के मरने की दुर्गंध आसपास फैलने लगी। लेकिन कहीं पर भी मवेशी या कोई जानवर मरा हुआ नहीं दिख रहा था। पास में ही पंचायत भवन में आज मिटिंग चल रही थी, जहां मवेशी के मरने की दुर्गंध पंचायत भवन तक पहुंचने पर सरपंच सुनीता साहू, सचिव अशोक कौशिक और पंचगण पहुंचे। उन्होंने देखा कि, बस स्टैण्ड के पास बनी पानी टंकी के नीचे बने कमरे से दुर्गंध आ रही थी। जब उसे खोलकर देखा गया तो, अंदर मवेशी मरे पड़े थे जिसकी जानकारी प्रशासन को दी गई। एसडीएम सूरज कुमार साहू ने तत्काल सीईओ सत्यव्रत तिवारी को भेजकर मरे हुए मवेशियों को बाहर निकलवाया, वहां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से देखा जा रहा है कि, मवेशियों को उस छोटे से कमरे में किसने बंद किया था।
हर्षिता पांडेय ने सरकार को घेरा
वहीं इस घटना के सामने आने के बाद पूर्व अध्यक्ष महिला आयोग छत्तीसगढ़ हर्षिता पाण्डेय ने कहा है कि, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने से पहले कभी ऐसा देखने को नहीं मिलता था। जब से रोका छेका, गौठान, नरवा, गरुवा योजनाएं संचालित हैं, तभी से इस तरह गायों की जघन्य हत्या देखने को मिल रही है। 12 गायों की मृत्यु से क्षेत्र कलंकित हुआ है। मेड़पार में हुई गौ माता की हत्या का आरोपी अभी तय नहीं है। मुझे तो लगता है कि, इस मामले को दबा दिया जाएगा।
ग्राम पंचायत नेवरा में मवेशियों के मरने की जानकारी मिलने पर सीईओ को तत्काल भेजकर जानकारी देने के लिए कहा गया है।- सूरज कुमार साहू, एसडीएम तखतपुर
ग्राम पंचायत नेवरा में गायों की मृत्यु के पीछे जरूर कोई षड़यंत्र है। सीसीटीवी कैमरे की मदद प्रशासन ले रहा है। वहां गायों को किसने रखा है, इसकी जांच प्रशासन कर रहा है।- रश्मि सिंह, विधायक तखतपुर
ग्राम पंचायत नेवरा में मवेशी की मरने की जानकारी मिलने पर घटना स्थल पहुंचकर जानकारी ली जा रही है।- सत्यव्रत तिवारी, सीईओ जनपद पंचायत तखतपुर
घटना से गौठान 3 सौ मीटर दूर है। गायों की मृत्यु गौठान में नहीं हुई है। अज्ञात लोगों ने पम्प हाऊस में गायों को रखा था। जिससे उनकी मृत्यु हो गई है। सीसीटीवी कैमरे की मदद से यह देखा जा रहा है कि, गायों को वहां किसने रखा है।- सुनीता साहू, सरपंच ग्राम पंचायत नेवरा
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS