CG Politics : डा. रमन बने विधानसभा अध्यक्ष, सीएम और पक्ष-विपक्ष के वरिष्ठ सदस्यों ने दी बधाई... किसने क्या कहा, पढ़िए

CG Politics : डा. रमन बने विधानसभा अध्यक्ष, सीएम और पक्ष-विपक्ष के वरिष्ठ सदस्यों ने दी बधाई... किसने क्या कहा, पढ़िए
X
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा अध्यक्ष के रूप में रमन सिंह का नाम प्रस्तावित किया। दूसरा प्रस्ताव नेताप्रतिपक्ष चरणदास महंत, तीसरा प्रस्ताव बृजमोहन अग्रवाल, चौथा प्रस्ताव अजय चंद्राकर और पांचवां प्रस्ताव केदार कश्यप ने सदन में प्रस्तावित किया गया। पढ़िए पूरी खबर...

रायपुर। छत्तीसगढ़ में हुए विधानसभा चुनाव 2023 में बीजेपी की जीत के बाद शीर्ष नेतृत्व ने विष्णुदेव साय को सीएम बनाया और उनके साथ दो डिप्टी बनाये गए। पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह को विधानसभा अध्यक्ष बनाने की घोषणा की गई। मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए रमन सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा गया जिस पर पक्ष और विपक्ष की सर्वसम्मति से उन्हें विधानसभा अध्यक्ष चुन लिया गया। विधानसभा अध्यक्ष बनाये जाने पर प्रोटेम स्पीकर ने पूरे सदन की ओर से उन्हें बधाई दी।

मंगलवार को प्रोटेम स्पीकर रामविचार नेताम ने प्रस्तावों को पटल पर रखने को कहा जिस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा अध्यक्ष के रूप में रमन सिंह का नाम प्रस्तावित किया। दूसरा प्रस्ताव नेताप्रतिपक्ष चरणदास महंत, तीसरा प्रस्ताव बृजमोहन अग्रवाल, चौथा प्रस्ताव अजय चंद्राकर और पांचवां प्रस्ताव केदार कश्यप ने सदन में प्रस्तावित किया गया। जिसके बाद प्रस्ताव सर्वसम्मति से स्वीकृत और डॉ रमन सिंह को विधानसभा अध्यक्ष निर्वाचित कर लिया गया। जिसके बाद पूर्व विधानसभा अध्यक्ष चरण दास महंत उनका हाथ थाम कर आसंदी तक ले आये।

डॉ रमन की अगुवाई में सदन चलेगा

सीएम विष्णुदेव साय ने सदन की तरफ रमन सिंह को बधाई देते हुए कहा कि, अध्यक्ष जी सबको साथ लेकर चले हैं और 15 साल तक प्रदेश के सीएम भी रहे है। इसलिए उन्हें अच्छा अनुभव है और विधि का भी ज्ञान है। हमे भरोसा है कि, उनकी अगुवाई में सदन सुचारू रूप से चलेगा।

बृजमोहन बोले-आप तीनों सादगी और सरलता की मूरत

विधानसभा अध्यक्ष चुने जाने के बाद विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने बधाई देते हुए कहा कि, डॉ रमन सिंह सादगी, सरलता और विनम्रता की प्रतिमूर्ति है. सीएम, विधानसभा अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तीनों का एक ही स्वभाव है, आप तीनों सादगी, सरलता और विनम्र स्वभाव के हैं. अब हम सबको मिलकर सबसे बड़ी पंचायत की गौरव गरिमा को बढ़ाना है।

अजय चंद्राकर ने दी बधाई

विधानसभा अध्यक्ष चुने जाने के बाद विधायक विधायक अजय चंद्राकर ने बधाई देते हुए कहा कि, अदभुत संयोग है. डॉ साहब को माननीय अध्यक्ष कहने की प्रैक्टिस करनी पड़ेगी।

पूर्व सीएम बघेल बोले-हम दोनो की भूमिकाएं बदल गईं... हिसाब-किताब बराबर...

डॉ. रमन के विधानसभा अध्यक्ष चुने जाने के बाद पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि, आपको सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई और शुभकामनाएं। आपके सुदीर्घ राजनीतिक अनुभव का लाभ सदन को मिलेगा। हंसते हुए उन्होंने आगे कहा कि, अब भूमिकाएं बदल गई हैं....जब रिजल्ट आया तो मैं सोच रहा था कि, मैं अकेला ही भूतपूर्व मुख्यमंत्री रहूंगा... लेकिन आपने मुझे रहने नहीं दिया। अब हम दोनो की भूमिकाएं बदल गई हैं, इसीलिए हिसाब-किताब बराबर हो गया है। अब तक आसंदी में डॉक्टर राजेंद्र शुक्ला, गौरीशंकर अग्रवाल और चरणदास महंत ने परम्पराओं का निर्वाह किया है। मैं पूरे परिवार का अभिनंदन और आपकी दीर्घायु की कामना करता हूं।

Tags

Next Story