बिरनपुर कांड : डा. रमन विधायकों के साथ निकले बिरनपुर, पुलिस ने बाकी कार्यकर्ताओं को कंतेली के पास रोका..झूमाझटकी और झड़प भी हुई

सूरज सिन्हा- बेमेतरा। पूर्व सीएम डा. रमन सिंह पूर्व घोषित कार्यक्रम के मुताबिक शुक्रवार को बेमेतरा जिले के बिरनपुर गांव जाने के लिए निकले। इसी बीच पुलिस ने बेमेतरा के पास कंतेली गांव में बेरीकेटिंग लगा रखी थी। इस स्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बेरिकेटिंग हटाने की कोशिश भी की। जिसके बाद पुलिस ने पूर्व सीएम रमन सिंह और विधायकों को बिरनपुर के गांव के लिए जाने दिया, लेकिन कार्यकर्ताओं पर रोक लगा दी है। इससे पहले भी 10 अप्रैल को जब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव पीड़ित परिवार से मिलने के लिए जा रहे थे। तब भी पुलिस ने उन्हें जाने मना कर दिया था। फिलहाल डा. रमन और पार्टी के विधायक साजा में रुके बताए जा रहे हैं। वे जल्द ही बिरनपुर में भुवनेश्वर साहू के परिजनों से मिलने के लिए पहुंचने वाले हैं।
उल्लेखनीय है कि, 8 अप्रैल को दो समुदाय के बीच झड़प में बिरनपुर गांव में 22 साल के युवक भुवनेश्वर साहू की हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद बेमेतरा के बिरनपुर गांव में धारा 144 लागू कर दी गई थी। हत्या के वक्त पुलिस फोर्स पर भी हमला किया गया था। जिसके बाद से गांव के लोग दहशत में जीवन-यापन कर रहे थे। हालांकि हत्या के 6 दिन बाद गांव में शांति का माहौल बन गया था। लेकिन अब भी पूरी तरह से यहां पर सुकून देखने को नहीं मिल रहा, क्योंकि काफी दिनों से भाजपा बिरनपुर जाने की कोशिश में लगी है, और हर बार पुलिस उन पर रोक लगा देती है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS