Politics on Jheeram incident : झीरम कांड को लेकर सीएम पर डा. रमन का पलटवार... पूछा- सबूत जेब में होने का दावा करने वालों का क्या होगा?

रायपुर। झीरम कांड पर छत्तीसगढ़ पुलिस की जांच का रास्ता सुप्रीम कोर्ट(Supreme Court) के फैसले के बाद खुल गया है। इसे लेकर मंगलवार को दिनभर से प्रदेश में सियासत गरमाई हुई है। अब पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने सभी तरह के बयानों का जवाब देते हुए ट्वीट किया है। पूर्व सीएम डा. रमन सिंह अपने ट्वीट से सीधे सीएम भूपेश बघेल को निशाने पर लिया है।

डा. रमन ने ट्वीट कर लिखा है कि, हाँ! दाऊ जी इस मामले की जाँच से षड्यंत्र का पर्दाफ़ाश होना चाहिए। लेकिन यह तो बताइए कि, 2018 से पहले जिन्होंने झीरम के सबूत जेब में होने का दावा किया था उनका क्या होगा? 5 साल तक आपने तो झीरम जैसे गंभीर मुद्दे का राजनीतिक लाभ लिया, लेकिन अब भाजपा की सरकार बनने के बाद प्रदेश की व्यवस्था के अनुरूप इस पूरी घटना की न्यायिक जाँच होगी।
उल्लेखनीय है कि, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Chief Minister Bhupesh Baghel) ने ट्वीट कर कहा था कि, यह फैसला न्याय का दरवाजा खोलने जैसा। झीरम कांड दुनिया के लोकतंत्र का सबसे बड़ा राजनीतिक हत्याकांड था। हमने दिग्गज कांग्रेस नेताओं सहित 32 लोगों को खोया था। कहने को एनआईए(NIA) ने इसकी जांच की, एक आयोग ने भी जांच की। इसके पीछे के वृहत राजनीतिक षडयंत्र की जांच किसी ने नहीं की। छत्तीसगढ़ पुलिस ने जांच शुरु की तो एनआईए ने इसे रोकने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था। आज रास्ता साफ हो गया है, अब छत्तीसगढ़ पुलिस इसकी जांच करेगी। किसने किसके साथ मिलकर क्या षडयंत्र रचा था, सब साफ़ हो जाएगा। झीरम के शहीदों को एक बार फिर श्रद्धांजलि।

कांग्रेस ने जांच एजेंसियों से सहयोग नहीं किया : सोनी
वहीं रायपुर से भाजपा के सांसद सुनील सोनी ने कहा है कि, संस्था कौन सी जांच कर रही थी, ये महत्वपूर्ण नहीं है... महत्वपूर्ण ये है कि, कांग्रेस की जांच में भूमिका क्या थी। जांच करने वाली संस्था को सबूत दिया या नहीं? कांग्रेस नेताओं ने इस महत्वपूर्ण भूमिका में कोई सहयोग नहीं दिया। श्री सोनी ने कहा कि, कांग्रेस ने झीरम की हर बरसी में पीड़तों के परिजनों के घाव कुरेदने का काम किया। कांग्रेस ने झीरम मामले को उलझाने का काम किया।
पीड़ित शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट का आभार माना
वहीं झीरम के पीड़ित सुरेंद्र शर्मा ने कहा है कि, हम सुप्रीम कोर्ट को धन्यवाद देते हैं।
हमें विश्वास है अब हमारे साथ न्याय हो सकेगा। झीरम के षड्यंत्र का सच अब उजागर होगा। छत्तीसगढ़ पुलिस मामले की जांच निष्पक्ष ढंग से कर सकेगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS