हाथी ने बाइक सवार युवकों पर किया हमला : दोनों जान बचाकर भागे और गड्ढे में जा छिपे रहे, गुस्सेल हाथी ने गाड़ी को तहस- नहस किया

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा वनमंडल के मदनपुर गांव के पास हाथी ने बाइक सवार दो युवकों पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों उठकर भागने लगे, तो हाथी ने दोनों को काफी दूर तक दौड़ाया। हाथी से बचने के लिए दोनों युवक भागकर एक गड्ढे में छिप गए। अपनी जान बचाने दोनों कई घंटों तक गड्ढे में ही छिपे रहे। इधर हाथी ने अपना पूरा गुस्सा युवकों की बाइक पर निकाल दिया।
जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय रेवाराम और 22 वर्षीय चैतराम बाइक में मदनपुर की ओर आ रहे थे, तभी उनका सामना एक हाथी से हो गया। हाथी ने बाइक को देख उसे पीछे से लात मारा, जिससे दोनों युवक गाड़ी से नीचे गिर पड़े। हाथी को देख वे बहुत डर गए और जंगल की ओर भागने लगे। हाथी ने भी उन्हें काफी दूर तक दौड़ाया।

हाथी ने बाइक को तहस नहस किया
दोनों युवक भागकर जैसे-तैसे एक गड्ढे में जा छिपे। घंटों युवक उस गड्ढे में छिपे रहे। इधर हाथी ने युवकों को न देख उनकी बाइक पर पूरा गुस्सा निकाल दिया। हाथी ने उनकी बाइक को तहस-नहस कर डाला। सुबह होने पर दोनों युवकों ने इस घटना की सूचना वन विभाग को दी।
दोनों युवक मेडिकल कॉलेज में भर्ती
सूचना पर बुधवार को वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को गड्ढे से बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। दोनों बाइक सवार मामूली रूप से घायल हैं। घायलों ने बताया कि बाइक रेवाराम चला रहा था और चैतराम पीछे बैठा हुआ था, तभी अचानक हाथी से उनका सामना हो गया। दोनों युवक बगदरी ग्राम के रहने वाले हैं। इधर वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS