भेज्जी के जंगलों में मुठभेड़ : 8 लाख का इनामी नक्सली कमांडर हड़मा ढेर, कई बड़े वारदातों में था शामिल

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सोमवार सुबह डीआरजी के जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें 8 लाख रुपए का एक इनामी नक्सली ढेर हुआ है। मारे गए नक्सली की पहचान नक्सली संगठन के डीवीसीएम कमांडर हड़मा उर्फ सनकु के रूप में की गई है, जिस पर सरकार ने 8 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। मौके से मारे गए नक्सली का शव बरामद कर लिया गया है। घटना की पुष्टि बस्तर आईजी पी सुंदरराज ने की।
1 घंटे तक चली गोलीबारी
सुकम जिले के एएसपी ओपी चंदेल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नक्सल प्रभावित भेज्जी इलाके के जंगलों में नक्सलियों का जमावड़ा लगा है। जानकारी मिलते ही जवानों को मौके के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचने के बाद जवानों ने इलाके का घेराबंदी करना शुरू किया तो नक्सलियों की नजर जवानों पर पड़ गई। इसके बाद नक्सलियों ने जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग करना शुरू कर दिया। हमला होता देख जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की और दोनों ओर से करीब 1 घंटे तक गोलीबारी चली। फायरिंग रुकने के बाद इलाके में सर्चिंग के दौरान इस मुठभेड़ में मारे गए एक वर्दीधारी नक्सली का शव जवानों ने बरामद किया। मारे गए नक्सली की पहचान डीवीसीएम कमांडर हड़मा उर्फ सनकू के रूप में की गई।
कई बड़े नक्सली वारदातों में था शामिल
मृतक नक्सली हड़मा सुकमा और बस्तर संभाग के अन्य जिलों में हुए कई बड़े नक्सली वारदातों में शामिल था। भेज्जी में सीआरपीएफ जवानों पर अटैक करने के साथ बुरकापाल हमले में हड़मा शामिल रहा। बुरकापाल हमले में 25 जवान शहीद हुए थे। नक़्सली कमांडर हड़मा के मुठभेड़ में मारे जाने से पुलिस इसे अपने लिए बड़ी उपलब्धि बता रही है।
बस्तर आईजी ने कहा- नक्सली संगठन को बड़ा नुकसान
वहीं बस्तर आईजी पी सुंदरराज ने कहा कि मारा गया नक्सली माढ़ इलाके में पिछले 13 सालों से सक्रिय था। उसके मारे जाने से इलाके में अब नक्सली दहशत काफी कम होगा। हड़मा उर्फ सनकु जिले में हुई सभी बड़ी नक्सली वारदातों में शामिल रहा है। इसके मारे जाने से नक्सली संगठन को बड़ा नुकसान पहुंचा है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS