किसान आंदोलन : राजिम में 28 को महापंचायत, टिकैत, मेघा पाटकर और योगेन्द्र यादव समेत कई हस्तियां होंगी शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ किसान मजदूर महासंघ 28 सितंबर को राजिम में किसान महापंचायत कर रहा है। इसकी तैयारियां अंतिम चरण में है। आयोजकों का दावा है कि महापंचायत में प्रदेश के 35 से 40 हजार लोग जुटेंगे। राजिम की कृषि उपज मंडी परिसर में 40 हजार लोगों की भोजन व्यवस्था की जा रही है। वहीं मंडी परिसर के शेड में 40 फीट लंबा और 20 फीट चौड़ा मंच तैयार किया गया है। इस पर राष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर के सभी प्रमुख किसान नेता बैठेंगे।
आयोजक मंडल के संयोजक तेजराम विद्रोही ने बताया, किसान महापंचायत की तैयारियां जारी हैं। किसान महापंचायत को संबोधित करने के लिए किसान नेता राकेश टिकैत, डॉ. दर्शनपाल सिंह, योगेंद्र यादव, युद्धवीर सिंह, डॉ. सुनीलम, मेधा पाटेकर, बलदेव सिंह सिरसा, बलवीर सिंह आदि आ रहे हैं। डॉ. सुनीलम, सत्यवान जैसे कुछ नेता रायपुर पहुंच गए हैं। मेधा पाटेकर और योगेंद्र यादव भी शाम तक रायपुर पहुंच जाएंगे। राकेश टिकैत और दूसरे नेता देर रात अथवा मंगलवार की सुबह की उड़ान से रायपुर पहुंचेंगे। वहां से वे लोग राजिम कृषि उपज मंडी परिसर आएंगे।
विद्रोही का दावा है कि इस महापंचायत में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से 35 से 40 हजार महिला-पुरुष किसान शामिल होने वाले हैं। इसके लिए राजिम की कृषि उपज मंडी परिसर में व्यवस्था की गई है। आने वाले किसानों के भोजन आदि की भी व्यवस्था यहीं की जा रही है। महापंचायत मंगलवार सुबह 11 बजे से शुरू होगी। उन्होंने कहा, इस महापंचायत से छत्तीसगढ़ के किसान आंदोलन को भी एक नई दिशा मिलेगी। केंद्र सरकार के तीन कृषि संबंधी विवादित कानूनों के खिलाफ इस सम्मेलन की योजना एक महीने पहले बनी थी। प्रमुख किसान नेताओं से सहमति के बाद छत्तीसगढ़ किसान मजदूर महासंघ ने राजिम को इस महापंचायत के लिए चुना।
मंगलवार को हो रही इस महापंचायत में किसान एक प्रस्ताव पारित कराने की तैयारी में हैं। इसमें केंद्र सरकार से कृषि संबंधी विवादित कानूनों को वापस लेकर न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी की मांग शामिल होगी। उसके अलावा राज्य सरकार से जुड़े स्थानीय मुद्दों को भी प्रस्ताव में शामिल करने पर जोर है।
किसान महापंचायत में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रशासन भी नजर बनाए हुए है। पुलिस और प्रशासन के स्थानीय अधिकारियों ने मंडी पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया है। प्रशासन 10 से 15 हजार लोगों के जुटने के हिसाब से तैयारी कर रहा है। पुलिस के अनुविभागीय अधिकारी संजय ध्रुव ने बताया, सुरक्षा के लिहाज से सभी पॉइंट को चिन्हित कर लिया गया है। तगड़ा सुरक्षा इंतजाम किया जा रहा है। सभी एंट्री पॉइंट पर पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। रायपुर से राजिम तक नेशनल हाइवे पर सुरक्षा के खासे इंतजाम रखे जाएंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS