महिला की ख़ुदकुशी मामले में गृहमंत्री ने दिए जांच के निर्देश, DSP अनामिका जैन और उसकी सहेली के खिलाफ FIR

भिलाई। महिला डीएसपी के जलील करने पर एक महिला द्वारा आत्महत्या करने के मामले में डीएसपी और उसकी सहेली के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोप है कि महिला डीएसपी ने मृतका को उसकी बेटी के सामने अपने पति के साथ संबंधों का आरोप लगाते हुए जलील कर थप्पड़ मारा था। इस घटना से आहत होकर महिला ने ख़ुदकुशी कर ली थी। इसके बाद महिला डीएसपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मृतका के परिजनों ने थाने का घेराव भी किया था।
गौरतलब है कि इस मामले में मृतका के पति केवी अरुण कुमार ने आरोप लगाया था कि शुक्रवार की रात को डीएसपी अनामिका जैन अपनी सहेली के साथ घर पर आई हुई थी। इस दौरान अनामिका जैन ने अपने पति के साथ मेरी पत्नी के. सुखविंदर का अवैध संबंध होने का आरोप लगाकर धमकी देने आई हुई थी। उसने सुखविंदर को परिवार के सामने जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद ट्यूशन गई बेटी को बुलाने की जिद करती रही। लेकिन पति अरुण इस बात को लेकर बेटी को ना बताने की गुजारिश करता रहा। मगर डीएसपी ने किसी की बात नहीं मानी और मृतका की बेटी को इस पूरे मामले की जानकारी दी। मृतका के पति अरुण का आरोप है कि उसकी पत्नी ने अनामिका जैन के दबाव के कारण ही आत्महत्या किया है।
भिलाई तीन पुलिस ने डीएसपी अनामिका जैन और उसकी सहेली पूजा उर्फ पायल के खिलाफ के धारा 306,34 के तहत अपराध कायम किया है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस आरोपी डीएसपी और उसकी सहेली को गिरफ्तार करने की तैयारी कर रही है, जिसके लिए एक टीम बनाए जाने की जानकारी मिल रही है।
प्रदेश के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने भिलाई में महिला के आत्महत्या मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने भिलाई 3 थाना क्षेत्र में एक महिला द्वारा आत्महत्या करने के मामले में दुर्ग आईजी विवेकानंद सिन्हा को फोन कर निष्पक्ष जांच के लिए निर्देशित किया है। गृहमंत्री ने कहा कि जांच निष्पक्ष होनी चाहिए तथा दोषी को सज़ा ज़रूर मिलनी चाहिए। सरकार अच्छे काम करने वालों का सम्मान करती है तो कानून का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।उक्त प्रकरण के संबंध में आई जी दुर्ग विवेकानंद सिन्हा द्वारा अग्रिम कार्यवाही की गई है। उल्लेखनीय है कि डीएसपी अनामिका जैन व उनकी सहेली के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS