रेलवे स्टेशन में लगी आग : मची अफरा-तफरी, दहशत से भागे यात्री, ऊंची-ऊंची लपटों से पब्लिक टॉयलेट का आधा हिस्सा खाक

उमेश यादव- कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा रेलवे स्टेशन परिसर में बने पब्लिक टॉयलेट में बुधवार तड़के भीषण आग लग गई। आग देखकर वहां लोगों में हड़कंप मच गई। तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है। इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के मुताबिक, रेलवे स्टेशन में यात्री अपनी-अपनी ट्रेनों का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच कुछ लोगों ने देखा कि पब्लिक टॉयलेट पूरी तरह से आग की लपटों से घिरा हुआ है और काफी ऊंचाई तक धुआं भी उठ रहा है। इसके बाद वहां यात्रियों और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

आग पर काबू पाने 2-3 घंटे लगे
रेलवे स्टेशन मास्टर एके गुप्ता ने आग लगने की सूचना तत्काल दमकल वाहन को दी। फाटक बंद होने के चलते फायर ब्रिगेड को पहुंचने में देरी हो गई। तब तक पब्लिक टॉयलेट का काफी हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। इसके बाद दमकलकर्मियों ने आग बुझाना शुरू किया। 2-3 घंटों की मशक्कत के बाद बुधवार सुबह आग पर काबू पाया गया।
दूर तक दिखाई दे रही थी आग की लपेट
लोगों ने बताया कि सुबह 4 बजे के आसपास उन्होंने आग लगी हुई देखी। आग इतनी भीषण थी कि इसकी लपटें दूर तक दिखाई दे रही थी। स्टेशन मास्टर एके गुप्ता ने बताया कि पब्लिक टॉयलेट के पास कपड़ों के ढेर में आग लगाई गई थी। जिसके बाद आग पूरी फैल गई और उसने पब्लिक टॉयलेट को भी अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने कहा कि आशंका है कि असामाजिक तत्वों ने आग लगाई होगी।
घटन स्थल से लगा है आटो और रेलवे स्टैंड
घटना की जांच आरपीएफ और सिटी कोतवाली पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पब्लिक टॉयलेट के आसपास ऑटो और रेलवे स्टैंड भी संचालित है। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, नहीं तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। राहत की बात यह है कि आग से कोई जनहानि नहीं हुई है।देखिए वीडियो...
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS