विदेशी भक्त भी पहुंचे पलारी : शंकराचार्य के मुख से कथा श्रवण को उमड़ी भीड़, विदेशी भक्त ने भारत को बताया स्वर्ग

विदेशी भक्त भी पहुंचे पलारी : शंकराचार्य के मुख से कथा श्रवण को उमड़ी भीड़, विदेशी भक्त ने भारत को बताया स्वर्ग
X
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरनंद सरस्वती जी की कथा सुनने के लिए उनके विदेशी भक्त भी छत्तीसगढ़ पहुंचे। वे भारतीयों के बीच कौतूहल का विषय बन गए हैं। उन्होंने भारत को स्वर्ग बताया, जानिए और क्या कहा भारत के बारे में....

कुश अग्रवाल-पलारी। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार के पलारी में चल रहे गणेश पुराण कथा में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरनंद सरस्वती जी, को सुनने आस-पास के हजारों लोगों के अलावा अन्य राज्यों से भी साधु संत, राजनेता और श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इन्हीं भक्तों में विदेश से भी शंकराचार्य के शिष्य पलारी पहुंचे हैं, जो लोगों के बीच कौतूहल का विषय है।

बता दें कि विदेश से आए शंकराचार्य के शिष्य का नाम सलविटोरे ग्लैस्पी (Salvitore Glespy) है। ये इटली के रहने वाले हैं और पहली बार छत्तीसगढ़ आए हैं। उन्होंने बताया कि वे पिछले सात सालों से भारत में रह रहे हैं। यहां के धर्म और आध्यात्म से काफी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि यहां जो मन को शांति मिलती है वह विदेशों में नहीं मिलती है।

भारत को बताया स्वर्ग

उन्होंने आगे कहा कि भारत में रहकर उन्हें स्वर्ग में रहने का आभास हुआ है। वे पहली बार छत्तीसगढ़ आए हैं और पहले वे बनारस में थे, छत्तीसगढ़ के लोग बहुत ही अच्छे हैं। उन्होंने कहा कि यहां का खान-पान बहुत ही शानदार है और यहां की भाजी की सब्जी उन्हें सबसे अच्छी लगी।

दूसरे देशों से लोग शांति की तलाश में भारत आते हैं- सलविटोरे ग्लैस्पी

उन्होंने बताया कि यहां के लोगों ने उन्हें इतना प्यार दिया कि उन्हें अपने घर से दूर रहने का अहसास ही नहीं हो रहा है। यहां के युवाओं को चेताते हुए कहा कि भारत की धर्म और संस्कृति पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। दूसरे देशों से लोग शांति की तलाश में भारत आते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक सभ्यता मात्र दिखावा है, उसके पीछे मत भागो अपनी संस्कृति और सनातन धर्म को अपनाओ।

Tags

Next Story