पूर्व सांसद अभिषेक सिंह का सरकार पर वार : कहा- वनांचल में PM आवास योजना की स्थिति बहुत खराब, चारों ओर भ्रष्टाचार

मोहला। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव सीट से पूर्व भाजपा सांसद अभिषेक सिंह मंगलवार को लोकसभा प्रवास के दौरान मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले के वनांचल क्षेत्र मानपुर पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से भेंट मुलाकात की और उनकी स्थिति-परिस्थिति को भी जाना। मानपुर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मिलकर अभिषेक सिंह ने कहा कि वनांचल क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना की स्थिति बहुत खराब है। कई लोगों को आवास का पैसा प्राप्त नहीं हुआ है। रेत में भ्रष्टाचार के चारों ओर मामले देखे जा सकते हैं। पंचायतों की स्थिति अत्यंत ही नाजुक है। बिजली बिल पटाने के लिए पंचायतों के पास फंड नहीं है और अराजकता की स्थिति हर क्षेत्र में दिख रही है।
भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना सरकार की नियति
सांसद अभिषेक ने वर्तमान सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि सिर्फ और सिर्फ भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना इस सरकार की नियति है। उन्होंने स्कूलों की स्थिति भी देखी और एकलव्य स्कूल राजनंदगांव की बात करते हुए एक जनसभा में अभिषेक सिंह ने कहा कि आज राजनांदगांव में एकलव्य स्कूल के अभिभावक शिक्षकों के विरुद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य हो गए हैं। इसके पीछे सरकार की नियत साफ देखी जा सकती है। प्रदेश सरकार शिक्षा को कितना महत्व देती है, यह वनांचल क्षेत्र के स्कूलों में भी देखा जा सकता है।
अभिषेक सिंह ने गौड़ समाज के परशुराम के घर खाना खाया
मीडिया सेल की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार अभिषेक सिंह ने लोकसभा प्रवास के दौरान कल शाम वनांचल क्षेत्र मोहला स्थित माता छुरिया के दर्शन कर उनसे प्रदेश में सुख-शांति की कामना की। मानपुर में कार्यकर्ताओं से भेंट मुलाकात के बाद श्री सिंह जिला पंचायत सदस्य राधिका अंधारे के घर गए। इसके बाद गोंड समाज के ब्लॉक सिपाही परसूराम शोरी के घर रात में भोजन किया। यहां पूर्व सांसद ने भात के साथ जिमीकंदा की सब्ज़ी और टमाटर की चटनी खाकर शोरी के परिवार को धन्यवाद दिया। रात में कार्यकर्ताओं के साथ मानपुर बस स्टैंड में दीपक यादव के दुकान जाकर पान का आनंद लिए। सरल सहज श्री सिंह को अपने बीच पाकर वनांचल के भाजपा कार्यकर्ता गदगद हो गए। कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि आप ने हमारा उत्साह बढ़ा दिया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS