शादी के चार दिन बाद ही दूल्हा बना सड़क हादसे का शिकार : पत्नी को ससुराल छोड़कर लौटते वक्त खड़े ट्रेलर से टकराई बाइक

शादी के चार दिन बाद ही दूल्हा बना सड़क हादसे का शिकार : पत्नी को ससुराल छोड़कर लौटते वक्त खड़े ट्रेलर से टकराई बाइक
X
तेज रफ्तार बाइक खड़ी ट्रक से जाकर टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक की शादी चार दिन पहले ही हुई थी और अब यह हादसा हो गया। पढ़िए पूरी खबर...

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में तेज रफ्तार बाइक खड़ी ट्रक से जाकर टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक की शादी चार दिन पहले ही हुई थी और वह अपनी पत्नी को लेकर ससुराल गया था। पत्नी को उसके मायके छोड़कर वह अपने घर लौट रहा था इस दौरान यह हादसा हो गया। यह घटना सीपत थाना क्षेत्र की है।

मिली जानकारी के अनुसार, मजदूर राजू गोंड़ कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के दमखांचा में रहता था। वह रोजी-मजदूरी करके जीवन यापन कर रहा था। 26 फरवरी को उसकी शादी सीपत के ग्राम खांडा में हुई थी। शादी के बाद वह अपनी पत्नी को लेकर बारात के साथ गांव लौट गया था। फिर गुरुवार को मंडप निकालने की रस्म को निभाने के लिए वह अपनी पत्नी संगीता को लेकर ससुराल आया था।

रिश्तेदार के घर से लौट रहा था युवक

राजू ने अपनी पत्नी को उसके घर में छोड़ दिया और खम्हरिया में रहने वाले रिश्तेदार के घर चला गया। वहां पर रिश्तेदारों से मिलने के बाद वह अपनी बाइक से ससुराल लौट रहा था। इस दौरान राजू की बाइक तेज रफ्तार में थी। वह लुतरा के राउतराय मैदान के पास पहुंचा ही था कि सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर से जाकर टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव में छाया मातम

घटना की खबर मिलते ही राजू के ससुराल वाले बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे। ससुराल वालों ने बताया कि शादी के बाद उनकी बहन संगीता और दामाद पहली बार घर आए थे। घर में मंडप उतारने के रस्म की तैयारी चल रही थी। इस हादसे के बाद से गांव में मातम छाया हुआ है।

Tags

Next Story