Ganesh Visarjan : छह सौ पुलिस जवानों की निगरानी में निकाली जाएंगी गणेश झांकियां

Ganesh Visarjan : छह सौ पुलिस जवानों की निगरानी में निकाली जाएंगी गणेश झांकियां
X
पुलिस प्रशासन ने गणेश प्रतिमा विसर्जन का समय दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया है। इसके साथ ही गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान अपराधिक तत्वों से निपटने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने राजपत्रित पुलिस अफसरों सहित छह सौ पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई जाएगी। पढ़िए पूरी खबर...

रायपुर। राजधानी में शनिवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन झांकी का आयोजन किया जाएगा। गणेश प्रतिमा विसर्जन रविवार तक जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन (police administration)ने गणेश प्रतिमा विसर्जन का समय दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया है। इसके साथ ही गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान अपराधिक तत्वों से निपटने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने राजपत्रित पुलिस अफसरों सहित छह सौ पुलिस (police)जवानों की ड्यूटी लगाई जाएगी। भीड़ पर नजर रखने ड्रोन कैमरे (drone cameras)की मदद ली जाएगी।

एएसपी सिटी लखन पटले के मुताबिक गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। सभी गणेशोत्सव समितियों को झांकी निकालने समय का विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया है। शारदा चौक पर शाम पांच बजे के बाद झांकियां आनी शुरू होंगी। झांकियां नंबरिंग के हिसाब से निकाली जाएंगी। इसके साथ ही गणेशोत्सव समितियों को वालेंटियर नियुक्त करने के लिए कहा गया है। झांकियां एक लाइन से निकाली जाएंगी। गणेश विसर्जन झांकी के दौरान जो नशे की हालत में पाए जाएंगे, उनके खिलाफ एएसपी ने कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।

इस रूट से निकलेंगी झांकियां

गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान 50 के करीब झांकियां निकलेंगी। झांकियां पुराने रूट शारदा चौक से रवाना होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, सिटी कोतवाली चौक, सदर बाजार, सत्ती बजार मार्ग, कंकाली पारा चौक से होते हुए पुरानी बस्ती थाने के सामने से लाखेनगर चौक, सुंदर नगर, रायपुरा अंडरब्रिज से महादेव घाट तक जाएंगी।

ड्रोन से निगरानी करेंगे

पुलिस अफसर के मुताबिक झांकी देखने आने वाले भीड़ पर निगरानी रखने आधा दर्जन ड्रोन कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ झांकी में किसी तरह की गड़बड़ी रोकने सादी वर्दी में पुलिस कर्मियों के साथ अफसरों की तैनाती की जाएगी। झांकी में जो संदिग्ध दिखेंगे, अफसर ने उस संदिग्ध की तलाशी लेने की बात कही है।

पूरी तैयारी कर ली है

सिटी एएसपी लखन पटले ने बताया कि,गणेश प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्वक संपन्न हो, इसके लिए पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। झांकी में किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने बदमाशों को अनिवार्य रूप से थाने में हाजिरी देने आने के लिए कहा गया है।

Tags

Next Story