बूथों को मजबूत करने की मिली नसीहत

रायपुर। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में छत्तीसगढ़ के मिशन-2023 पर अलग से तो कोई बात नहीं हुई, लेकिन सभी चुनावी राज्यों को बूथों को मजबूत करने की बड़ी नसीहत मिली है। इसी के साथ चुनावी तैयारी तेज करने और जिन राज्यों में भाजपा की सरकार नहीं है, वहां पर राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने के लिए कहा गया है। अब सरगुजा में 20 और 21 जनवरी को होने वाली प्रदेश कार्यसमिति में प्रदेश के पदाधिकारियों को आने वाले तीन माह की कार्ययोजना के बारे में जानकारी दी जाएगी। इस बैठक में बूथों को मजबूत करने के लिए पन्ना और पेज प्रभारियों को लेकर पूरी जानकारी ली जाएगी। जहां पर अब इनकी नियुक्ति नहीं हो सकी है, वहां पर इनकी नियुक्ति जल्द से जल्द करने की हिदायत दी जाएगी।
भाजपा की कार्यसमिति का पूरा फोकस इस साल 9 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव रहे। इसके लिए चुनाव वाले राज्यों के प्रदेशाध्यक्षों से उनके राज्यों के बारे में जानकारी ली गई। पांच राज्यों के प्रदेशाध्यक्षों को ही अपने राज्यों की जानकारी देने का माैका मिला। इस साल के अंत में छत्तीसगढ़ में भी चुनाव होने हैं। यहां के बारे में प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव पूरी जानकारी लेकर गए थे, लेकिन उनका नंबर ही नहीं आया और उनको बोलने का माैका नहीं मिला। चुनावी राज्यों को लेकर बातें कहीं गईं, वे छत्तीसगढ़ पर भी लागू होती हैं, क्योंकि यहां भी इसी साल चुनाव होने हैं।
प्रदेश कार्यसमिति में बनेगी रणनीति
राष्ट्रीय कार्यसमिति के बाद प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति सरगुजा में 20 और 21 जनवरी को रखी गई है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय कार्यसमिति में बूथों को मजबूत करने का जो मंत्र दिया गया है, उसके बारे में सभी को बताया जाएगा। प्रदेश कार्यसमिति में कमजोर बूथों को लेकर भी जानकारी ली जाएगी और इनको मजबूत करने का मंत्र भी बताया जाएगा। आने वाले समय में प्रदेश सरकार को घेरने के लिए क्या-क्या आंदोलन होंगे, उनकी भी रणनीति बनाई जाएगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS