हॉकी वर्लड कप ट्राफी का छत्तीसगढ़ में भव्य स्वागत, सीएम बघेल ने कहा चक दे इंडिया

हॉकी वर्लड कप ट्राफी का छत्तीसगढ़ में भव्य स्वागत, सीएम बघेल ने कहा चक दे इंडिया
X
देश के विभिन्न राज्यों का भ्रमण करने के बाद हॉकी विश्व कप की ट्राॅफी अंतिम पड़ाव में शनिवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंची। विवेकानंद एयरपोर्ट पर ट्राॅफी का गाजे-बाजे के साथ जमकर स्वागत किया।

रायपुर। देश के विभिन्न राज्यों का भ्रमण करने के बाद हॉकी विश्व कप की ट्राॅफी अंतिम पड़ाव में शनिवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंची। विवेकानंद एयरपोर्ट पर ट्राॅफी का गाजे-बाजे के साथ जमकर स्वागत किया। इसके बाद ट्राॅफी को सीधे मुख्यमंत्री निवास लाया गया, जहां इस ट्राॅफी को हाथ में उठाकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चक दे इंडिया बोलते हुए भारतीय टीम को विश्व विजेता बनने के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री निवास के बाद ट्राॅफी को गाजे-बाजे के साथ सुभाष स्टेडियम, मैग्नेटो मॉल एवं मरीन ड्राइव तेलीबांधा में भी आम लोगों के अवलोकन के लिए करीब एक-एक घंटे तक रखा गया। ट्राॅफी को रविवार को सबेरे ओडिशा के भुवनेश्वर के लिए रवाना किया जाएगा, जहां विश्व कप के मैच होेने हैं।

ओडिशा में 13 से 29 जनवरी 2023 तक एफआईएच ओडिशा मेन्स वर्ल्ड कप आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ल्ड कप मैच में भारतीय टीम विजयी हो, इसके लिए हॉकी वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को हॉकी इंडिया नई दिल्ली द्वारा देश के विभिन्न 16 राज्यों में भ्रमण कराया जा रहा है। 23 दिसंबर 2022 को फील्ड मार्शल केएम करिअप्पा ने स्टेडियम बेंगलुरु (कर्नाटक) में एक भव्य समारोह में यह ट्रॉफी छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी को सौंपी थी। फिरोज अंसारी अब इस ट्रॉफी को रायपुर लेकर पहुंचे हैं। रायपुर में स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर ट्रॉफी का गाजे-बाजे के साथ स्वागत करते हुए सीधे मुख्यमंत्री निवास ले जाया गया, जहां इस ट्रॉफी के स्वागत के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने इस ट्रॉफी का अनावरण करते हुए इसे हाथ में उठाकर अवलोकन किया और भारतीय हॉकी टीम को विश्व विजयी बनने की शुभकामनांए दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं छत्तीसगढ़ के पौने तीन करोड़ लोगों की ओर से इस खूबसूरत ट्रॉफी का तहेदिल से स्वागत करता हूं। ओडिशा में इस प्रतिष्ठापूर्ण आयोजन से छत्तीसगढ़ के लोग भी उतने ही खुश हैं, जितने ओडिशा के लोग हैं। इस आयोजन से पूरे देश में उत्साह, उत्सुकता और खुशी का वातावरण है। श्री बघेल ने कहा कि पिछले चार वर्षों के दौरान छत्तीसगढ़ में सभी खेलों की अधोसंरचनाओं को लगातार मजबूत किया गया है। हमने चार वर्षों में 21 स्पोर्ट्स एकेडमी की स्थापना की है, आज हमारे यहां हॉकी के खिलाड़ियों के लिए विश्वस्तरीय मैदान और सुविधाएं उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों के प्रति लोगों का उत्साह बढ़ाने के लिए ही छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का भी आयोजन किया जा रहा है, ताकि खेल प्रतिभाओं को ज्यादा से ज्यादा मौके मिलें।

ये रहे उपस्थित

मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के खेल मंत्री उमेश पटेल, महापौर एजाज ढेबर, विधायक विकास उपाध्याय, कुलदीप जुनेजा सहित अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों के अलावा प्रदेश के छत्तीसगढ़ हाॅकी संघों के पदाधिकारी एवं युवा हाॅकी खिलाड़ी भी मौजूद रहे।

Tags

Next Story