धार्मिक जुलूस को कार से रौंदा : गांजा तस्करों ने दुर्गा विसर्जन जुलूस पर पूरी स्पीड से चढ़ाई कार, 1 की मौत, 26 घायल... देखिये वीडियो

जशपुर। छत्तीसगढ़ के उत्तर पूर्वी जिले जशपुर में एक तेज रफ्तार कार ने पूरे धार्मिक जुलूस को ही रौंद डाला। जुलूस में शामिल करीब 150 लोग दुर्गा विसर्जन के लिए निकले थे। कार की टक्कर से 1 व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हैं। घायलों में 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना जशपुर जिले के सबसे बड़े शहर पत्थलगांव की है। इस घटना के बाद लोगों ने कार को आग के हवाले कर दिया। जिस कार ने लोगों को रौंदा उसमें गांजा भरा हुआ था।
पत्थलगांव में शुक्रवार को दोपहर डेढ़ बजे के आस-पास यह हादसा हुआ। उस वक्त 7 दुर्गा पंडालों की मूर्तियों को विसर्जन के लिए लोग नदी तट पर ले जा रहे थे। बाजार के बीच पीछे से आई कार ने जुलूस में शामिल लोगों को रौंद डाला। कार की ठोकर से 21 वर्षीय युवक गौरव अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बैंड बजा रहे 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज रफ्तार से भाग रही थी कार
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कार की स्पीड 100 से 120 की रही होगी और उसने सीधे लोगों को ठोकर मार दी। इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। लोगों का यह भी कहना है कि आरोपी गांजा तस्करी करने वाले लोग हैं।
आक्रोशित लोगों ने किया हाइवे जाम
इस दुखद घटना के विरोध में पत्थलगांव थाने का घेराव कर दिया। इसके अलावा गुमला-कटनी नेशनल हाइवे पर मृतक का शव रखकर चक्काजाम कर दिया। पुलिस ने एक ASI पर गांजा तस्करी कराने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि आरोपी कार सवार ASI के साथ ही मिलकर गांजा तस्करी करने की फिराक में था। इसलिए हम ASI के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग करते हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ड्राइवर की जमकर पिटाई, कार फूंक दी
घटना के बाद आस-पास की भीड़ ने पीछा कर कार के ड्राइवर को 5 किलोमीटर दूर सुखरापारा से पकड़ा। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की। लोगों ने टक्कर मारने वाली कार को भी आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से आरोपी को भीड़ से छुड़ाया है। उसे भीड़ से बचाने के लिए पुलिस रायगढ़ जिले के कापू थाना लेकर गई है। लोगों के गुस्से को देखते हुए मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई है। लोगों के गुस्से की जानकारी मिलने पर पुलिस के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि कार में कितना गांजा भरा हुआ था और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
शांति बनाए रखने की अपील
जिला कलेक्टर रितेश अग्रवाल ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई जरूर की जाएगी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। देखिये वीडियो -
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS