रेस्टोरेंट की आड़ में हुक्का बार : हुक्का गुड़गुडाते तीन महिलाओं सहित 12 रसूखदार गिरफ्तार

रेस्टोरेंट की आड़ में हुक्का बार : हुक्का गुड़गुडाते तीन महिलाओं सहित 12 रसूखदार गिरफ्तार
X
पुलिस ने बताया कि उन्हें कई बार ये शिकायत मिली थी कि सीजी प्राइड रेस्टोरेंट में हुक्का परोसा जा रहा है। पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक हरीश तरेजा को ऐसा न करने की चेतावनी भी दी थी, लेकिन...पढ़िए पूरी खबर...

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक बड़े रेस्टोरेंट सीजी प्राइड में रविवार को पुलिस ने दबिश देकर हुक्का पीते तीन महिलाओं समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में रेस्टोरेंट के मालिक हरीश तरेजा और मैनेजर शेख मौसीन भी शामिल है। पुलिस ने बताया कि उन्हें कई बार ये शिकायत मिली थी कि सीजी प्राइड रेस्टोरेंट में हुक्का परोसा जा रहा है। पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक हरीश तरेजा को ऐसा न करने की चेतावनी भी दी थी, लेकिन वो नहीं माना। इसके बाद पुलिस ने 30 पुलिस अधिकारियों और सिपाहियों की एक टीम तैयार की। फिर रविवार देर रात 11 बजे वो दुर्ग-राजनांदगांव रोड स्थित सीजी प्राइड रेस्टोरेंट के पास गए। उन्होंने अपना एक खबरी रेस्टोरेंट भेजा। जब उसने बताया कि वहां हुक्का परोसा जा रहा है तो, पुलिस की टीम ने वहां अचानक छापा मार दिया। इससे पहले की रेस्टोरेंट संचालक कुछ समझ पाता पुलिस ने वहां से हुक्का पीते हुए युवकों और महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।

चेतावनी के बाद भी परोसा जा रहा था हुक्का

वहीं, दुर्ग एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के स्पष्ट निर्देश हैं कि हुक्का बार नहीं चलना चाहिए। इसके बाद भी कुछ लोग चोरी छिपे ऐसा कर रहे थे। सीजी प्राइड रेस्टोरेंट के बारे में जानकारी मिली थी। उसे एक महीने पहले ऐसा न करने के लिए चेतावनी भी दी गई थी। इसके बाद भी वो हुक्का परोस रहा था। इसके चलते अब उस पर कार्रवाई की गई है।

रेस्टोरेंट के अंदर तैयार की गई थी झोपड़ी

पुलिस ने बताया कि, सीजी प्राइड रेस्टोरेंट के अंदर 12-13 जगह छोटी-छोटी झोपड़ी तैयार की गई थीं। उसी के अंदर लोगों के खाने पीने का इंतजाम किया गया था। यहां बैठकर शहर के रसूखदार जाम छलकाते हुए हुक्का का कस लगाते थे।

नशीली दवाओं के साथ दो दिन पहले दो गिरफ्तार

बता दें कि, दो दिन पहले ही दुर्ग के दो बड़े व्यापारी जगदीश शदादी और गुरमुख जुमनानी नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किए गए थे। देर रात की गई पुलिस की कार्रवाई में हुक्का के साथ गुरमुख जुमनानी का चाचा जग्गी को भी गिरफ्तार किया गया है।

कई और होटलों में रेड की तैयारी

बताया जा रहा है कि दुर्ग शहर के साथ भिलाई के भी कुछ ऐसे होटल और रेस्टोरेंट हैं, जहां चोरी छिपे हुक्का परोसा जा रहा है। पुलिस इन सभी के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्लान बना रही है। आने वाले दो तीन दिन में दो से तीन अन्य रेस्टोरेंट और होटल में भी पुलिस का छापा पड़ सकता है।

Tags

Next Story