गुंडागर्दी : थाने के सामने सरेराह आटो चालक पर हमला, आदतन अपराधी ने जेल से छूटते ही घटना को दिया अंजाम

भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई स्थित छावनी थाना के सामने लूट के आदतन बदमाश ने जेल से छूटते ही एक आटो चालक पर अपने साथियों के साथ चाकू और पत्थर से हमला कर दिया। इस घटना में आटो चालक खून से लथपथ हो गया और किसी तरह छावनी पुलिस थाना पहुंचा, तो पुलिस ने भी उसका मामला खुर्सीपार क्षेत्र का होना बताते हुए शिकायत दर्ज नहीं की, जबकि आरोपी ने छावनी थाना के सामने ही इस घटना को अंजाम दिया। आप पार्टी के सदस्यों ने जब इसकी शिकायत एसपी से की तब छावनी पुलिस ने अपराध दर्ज किया।
छावनी थाने के सामने की घटना
भिलाई कैंप-1 सुभाष चौक प्रगति नगर निवासी अमन सिंह ऑटो चलाने का काम करता है। रोजाना की तरह वह रविवार शाम सवारी छोड़ने खुर्सीपार गया था। वहां से लौटने के बाद खुर्सीपार गेट के पास आदतन अपराधी ईश्वर सिन्हा व उसके साथियों ने उसकी ऑटो रुकवायी। अमन ने इनकी हरकतों को भापते हुए ऑटो नहीं रोका, तो ईश्वर व उसके साथियों ने उसका पीछा किया। वे पीछा करते पावर हाउस तक आए और नेशनल हाईवे में छावनी थाने के सामने उसे रोक लिया।
पत्थर और चाकू से किया हमला
इस दौरान ईश्वर ने गाली गलौज करते हुए बड़ा पत्थर अमन के मुंह पर मार दिया। इस बीच ईश्वर के साथियों ने ऑटो में तोड़फोड़ कर दी और चाकू से अमन पर हमला कर दिया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल हालत में अमन छावनी थाना पहुंचा, लेकिन वहां पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज करने से मना करते हुए ममला खुर्सीपार थाना क्षेत्र का बताया, और कहा कि वहीं शिकायत दर्ज कराओ। घटना और पुलिस के अपराध दर्ज नहीं करने की जानकारी जब आप पार्टी को मिली तो दबाव और विरोध के बाद छावनी पुलिस ने मामला दर्ज किया।
आदतन अपराधी है ईश्वर
पुलिस रिकार्ड में ईश्वर सिन्हा पुराना अपराधी है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं। कुछ महीने पहले ही वो लूट के मामले में जेल गया था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। इसके बाद उसने फिर से आटो चालक के साथ मारपीट व लूट की नीयत से हमला किया।

कार्रवाई के बजाय सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस
आप के नेता मेहरबान सिंह ने बताया कि घटना के बाद जब पीड़ित अमन सिंह छावनी थाना पहुंचा, तो पुलिस ने उसकी रिपोर्ट लिखने के बजाए छावनी पुलिस सीमा के बाहर की बात कर रहे थे। पुलिस वालों का कहना था कि आरोपियों ने खुर्सीपार से उसका पीछा करना शुरू किया था। इसलिए इसकी रिपोर्ट खुर्सीपार थाना में लिखी जाएगी। उनका कहना है कि जब उन्होंने पुलिस से कहा कि ये घटना थाना के सामने हुई है। और वो इसकी शिकायत एसपी से करेंगे, तब पुलिस ने प्राथमिकी की।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS