अवैध गुड़ फैक्ट्री सील : फिर भी कलेक्टर के आदेश को ठेंगा दिखाते हुए रात में किया जा रहा संचालित

आशीष कुमार गुप्ता-बतौली/सेदम। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में विगत 18 अप्रैल को सरगुजा कलेक्टर कुंदन कुमार के आदेश अनुसार बतौली के बिलासपुर में संचालित अवैध गुड़ फैक्ट्री को प्रशासन की टीम ने सील कर दिया था। मगर फैक्ट्री संचालक की ओर से बेखौफ होकर नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए रात में फैक्ट्री संचालित किया जा रहा है। गौरतलब है कि हरिभूमि डॉट कॉम की ओर से खबर प्रकाशन के बाद कलेक्टर कुंदन कुमार ने बतौली के बिलासपुर में अवैध रूप से संचालित यह गुड़ फैक्ट्री को कार्य के दौरान खौलते हुए गन्ने के रस में गिरे नाबालिग 12 वर्षीय रोहित के घायल होने पर बतौली तहसीलदार को निर्देशित कर फैक्ट्री को सील करवाया गया था।
मजदूरों के साथ अच्छा व्यवहार नहीं करता संचालक
उस दौरान बतौली तहसीलदार ईश्वर चंद्र यादव, आरआई धर्मेंद्र दुबे, श्रम विभाग और बतौली पुलिस के संयुक्त टीम के साथ फैक्ट्री की जांच करने पहुंचे तो गुड़ फैक्ट्री के संचालक किशनपाल तोमर ने जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए जांच में निस्तार भूमि में संचालन, नाबालिगों से कार्य, पर्यावरण संबंधी दस्तावेज, भूमि डायवर्सन सहित अन्य कमियां फैक्ट्री संचालन के संबंध में पाई गई। इस पर तत्काल तहसीलदार की उपस्थिति में सील किया गया और फैक्टरी संचालन नहीं करने की बात संचालक को बताई गई थी। इसके बावजूद भी ऊंची पहुंच और मंत्री का धौंस दिखाकर धड़ल्ले से विगत 18 अप्रैल से रात में कार्य करवाया जा रहा था। हमेशा ही विवादों में रहे फैक्ट्री संचालक की ओर से मजदूरों के साथ अच्छा व्यवहार नहीं किए जाने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जाती है। इससे कोई भी ग्रामीण गुड़ फैक्ट्री के संबंध में आवाज नहीं उठाते हैं।
फैक्ट्री सिल करने के बावजूद कार्य जारी
इसकी जानकारी हरिभूमि को होने पर बतौली 112 टीम की मौजूदगी में बिलासपुर के फैक्ट्री में बुधवार रात को इस अवैध गुड़ फैक्ट्री में नाबालिग 16 वर्षीय अमित दास, 17 वर्षीय सत्यम, 22 वर्षीय राजेश गुप्ता, महिला मजदूर फूलों, सुशीला सरस्वतीया, बिंदिया, पुश मती बारगाह और बालमुनि ने अपना नाम बताया और कहा कि गुड़ फैक्ट्री के मालिक रात में काम करने को बुलाते हैं। महिला को 300 और पुरुषों को 400 रुपए रात में कार्य करने के लिए मजदूरी दिया जा रहा है। फैक्ट्री सिल करने के बावजूद लगातार रात के समय गुड़ फैक्ट्री में कार्य करवाया जा रहा है।
अधिकारियों से बात हो गई : संचालक
इस संबंध में फैक्ट्री संचालक किशनपाल तोमर ने कहा कि, फैक्ट्री प्रशासन की ओर से सील की गई है, लेकिन हम तो बाहर और रात में काम कर रहे हैं। हमारी बात अधिकारियों से हो गई है, कोई कुछ नहीं करेगा आपको जो करना है कर लो।
तहसीलदार बोले- संचालन बंद
वहीं इस संबंध में बतौली तहसीलदार ईश्वर चंद्र यादव ने कहा कि, बिलासपुर के गुड़ फैक्ट्री को सील किया गया है। फैक्ट्री संचालक किशनपाल को बुधवार को नोटिस भेजा गया है, जो जरूरी दस्तावेज के साथ उपस्थित होने समय दिया गया है। फैक्ट्री को हमारे पटवारी की निगरानी में देखी जा रही है, जिसका संचालन बंद है। संचालक की ओर से फैक्ट्री का संचालन करने पर थाने में अपराध दर्ज और वैधानिक करवाई की जाएगी
वीडियो देखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी : कलेक्टर
कलेक्टर कुंदन कुमार से जब फैक्ट्री सील लगने के बाद भी संचालन के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि, वीडियो देखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS