छत्तीसगढ़ में नवम्बर की शुरुआत में तापमान गिरने का 10 साल का रिकॉर्डटूटा, 24 घंटे में पारा लुढ़क कर 13 डिग्री हुआ

रायपुर: मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात रायपुर के लाभांडी केंद्र पर न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस मापा गया। यह सामान्य से काफी कम था। वहीं रायपुर के लालपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र पर पारा 16.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम था। रायपुर के माना हवाई अड्डा केंद्र पर न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह भी सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम ही है।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा का कहना है कि अभी उत्तर-पूर्व से सूखी और ठंडी हवाएं आ रही हैं। ऐसे में वातावरण से नमी कम हुई है। इसकी वजह से ठंड बढ़ी है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी महसूस हो रही है। अगले एक-दो दिनों में हवा का रुख बदल रहा है। हवा अब पूर्व से आएगी, जिसमें बंगाल की खाड़ी से आई नमी होगी। इसकी वजह से स्थानीय बादल भी बनेंगे। ऐसे में 10 नवंबर से दक्षिण छत्तीसगढ़ में तापमान में वृद्धि होने संभावना है। वहीं उत्तर के क्षेत्रों में तापमान 11 नवंबर के बाद से बढ़ेगा। 11 नवंबर से प्रदेश के दक्षिणी भाग के कुछ जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की भी संभावना है।
ऐसे हालात रायपुर में ही नहीं दूसरे जिलों में भी दिखे। राजनांदगांव में रात का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3 डिग्री तक कम है। दुर्ग में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। यहां भी तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम ही रहा। यह तब है जब सबसे ठंड माने जाने वाले अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 12.4 ही रहा है। सबसे ठंडी रात पेण्ड्रा में दर्ज हुई। वहां न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।
बताया जा रहा है कि पिछले 10 सालों में 13 डिग्री सेल्सियस का तापमान कभी नहीं रहा। रायपुर में 2012, 2013 और 2014 के नवंबर में 13.3, 13.5 और 13.6 डिग्री सेल्सियस का न्यूनतम तापमान पिछले 10 सालों का रिकॉर्ड है। ये ठंढी रातें भी 15 नवंबर के बाद की हैं। पिछले साल 9 नवंबर को उस महीने का सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। रायपुर के इतिहास में नवंबर की सबसे ठंढी रात 1883 में आई थी। उस साल 22 नवम्बर को न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS