डी पुरंदेश्वरी की मौजूदगी में 6 हजार लोगों ने किया भाजपा प्रवेश, आज प्रदेश कार्यालय में होगी बड़ी बैठक

रायपुर: शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी रायपुर पहुंचीं। दिनभर कई तरह के कार्यक्रमों के आयोजन किए गए। प्रदेश कार्यालय में बैठक के बाद प्रदेश भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता आरंग पहुंचे। मंत्री शिव डहरिया इसी इलाके से विधायक हैं। इस इलाके में दिवाली मिलन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दीवाली मिलन कार्यक्रम के बहाने भारतीय जनता पार्टी ने अपने मिशन इलेक्शन की भी शुरुआत कर दी है। प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी की मौजूदगी में मंत्री डहरिया के इलाके से 6 हजार लोगों को भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश कराया गया।
आरंग में हुए इस कार्यक्रम के बाद शाम के वक्त भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बीते 3 सालों में प्रदेश काफी नीचे गया है। कवर्धा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में बहुसंख्यक समुदाय को दबाने का काम हो रहा है। 75 लोगों को जेल में डाल दिया गया, भारतीय जनता पार्टी के विजय शर्मा पर गैर जमानती धाराएं लगा दी गईं। धार्मिक झंडे का जिन लोगों ने कवर्धा में अपमान किया उन्हें पकड़ा तक नहीं गया और विरोध करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल में डाला गया।
झीरम कांड की जांच रिपोर्ट का जिक्र करते हुए पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने इस मामले में काफी हड़बड़ी दिखाई। ना रिपोर्ट को पढ़ा गया ना ही समझा गया। रिटायर जजों की नियुक्ति कर दी गई, यह हड़बड़ाहट में लिया हुआ फैसला है। रमन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था खराब हो चुकी है। करप्शन लगातार बढ़ रहा है लेकिन इस ओर सरकार का ध्यान नहीं है।
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्य समिति की बैठक 13 नवम्बर शनिवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में होगी। बैठक में भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी उपस्थित रहेंगी। भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी व बिहार के लोनिवि मंत्री नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय और प्रदेश भाजपा के सभी सीनियर लीडर इस बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में धान खरीदी, महंगाई, शराबबंदी, धर्मांतरण, कवर्धा हिंसा जैसे मामलों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई जाएगी।
मीडिया से डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि जनता ने अब प्रदेश सरकार को सबक सिखाने का मन बना लिया है। लोग इस बात को समझ चुके हैं कि बेरोजगारी की बात हो या शराबबंदी का मुद्दा प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने कोई वादा पूरा नहीं किया। इसलिए अब लोग भाजपा को आशीर्वाद देने का मन बना चुके हैं। बड़ी संख्या में लोगों के भाजपा प्रवेश को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा कि जब से प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी आईं हैं प्रदेश में इनका काफी प्रभाव है और आने वाले समय में हर ब्लॉक और हर जिले में इस तरह के कार्यक्रम होंगे और बड़ी तादाद में लोग भाजपा के साथ जुड़ेंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS