नवगठित जिला मोहला-मानपुर-चौकी का हुआ उद्घाटन : नया जिला बनते ही सीएम ने 106.27 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन-लोकार्पण

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को मोहला में नवगठित जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने 106 करोड़ 27 लाख 95 हजार रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इसमें से 52 करोड़ 16 लाख 8 हजार रुपए के 42 कार्यों का भूमिपूजन और 54 करोड़ 11 लाख 87 हजार रुपए के 12 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। साथ ही सीएम ने 103 हितग्राहियों को 12 लाख 10 हजार रुपए की सामग्री भी बांटी। मुख्यमंत्री बघेल की उपस्थिति में जिला कलेक्टर एस जयवर्धन ने अपना पदभार ग्रहण किया। साथ ही सीएम के साथ नवगठित जिला के प्रथम कलेक्टर एस जयवर्धन और पुलिस अधीक्षक येदुवल्ली अक्षय कुमार ने भी फोटो खिंचवाई।
मोहला हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत
इससे पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जैसे ही मोहला पहुंचे, हेलीपैड पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मोहला हेलीपैड पर लोगों ने अपने मुखिया के स्वागत में जमकर नारे लगाए और फूल माला-पुष्प गुच्छ भेंटकर भव्य स्वागत किया। नए जिले के उद्घाटन से पहले श्री बघेल ने छुरिया माता के भी दर्शन किए। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर नए जिले के विकास, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। रोड-शो करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कलेक्टोरेट कार्यालय भी पहुंचे। कलेक्टोरेट परिसर में उन्होंने गांधी जी की प्रतिमा का अनावरण किया। फीता काटकर मुख्यमंत्री ने कलेक्टोरेट और एसपी कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने कलेक्टोरेट कार्यालय का निरीक्षण किया। उद्घाटन के एक दिन पहले ही गुरुवार को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में कलेक्टर की पदस्थापना की गई है। 2014 बैच के आईएएस ऑफिसर एस. जयवर्धन पहले कलेक्टर बनाए गए हैं। येदुवल्ली अक्षय कुमार नवगठित जिले के पहले एसपी होंगे। अक्षय 2018 बैच के आईपीएस हैं। दोनों अफसर अभी वहां विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) के रूप में पदस्थ हैं।
कोदो, कुटकी, रागी, हर्रा-बहेरा से तौला गया मुख्यमंत्री को
उल्लेखनीय है कि यहां के लोग लंबे समय से मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी को जिले के रूप में मांग कर रहे थे। ये जिला राजनांदगांव से अलग होकर बना है। नया जिला बनने पर लोगों में खासा उत्साह है। एक किलोमीटर से अधिक लंबे रोड शो में जगह-जगह पर छत्तीसगढ़ की परंपरा और लोक संस्कृति की झलक दिखाई पड़ रही है। पंथी, कर्मा जैसे पारंपरिक नृत्यों के साथ जिले की जनता ने अपना उत्साह जाहिर कर रही है। जिलेवासियों में हर जगह जबरदस्त उत्साह दिखाई पड़ रहा है। सीएम बघेल को स्थानीय वनोपज जैसे कोदो, कुटकी, रागी, हर्रा-बहेरा से तौला गया। देखिए वीडियो-
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS