इंदिरा गांधी कृषि विवि झुका, अब स्पीड पोस्ट नहीं बल्कि दीक्षांत समारोह में दी जाएंगी 8 हजार छात्रों को उपाधि

रायपुर: छात्रों के विरोध के बाद अंतत: इंदिरा गांधी कृषि विवि झुक गया है। छात्रों को अब स्पीड पोस्ट से डिग्री बांटने के स्थान पर दीक्षांत समारोह में उपाधि दी जाएगी। विवि द्वारा इस संदर्भ में अधिसूचना जारी कर दी गई है। 20 जनवरी को विवि स्थापना दिवस के अवसर पर कृषि विवि का दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। शैक्षणिक सत्र 2015-16, 2016-17, 2017-18, 2018-19, 2019-20, 2020-21, 2021-22 के छात्रों को दीक्षांत में उपाधियां दी जाएंगी।
इसके लिए विवि द्वारा 30 नवंबर तक आवेदन मांगे गए थे। सात बैच के 12 हजार 344 छात्रों को उपाधियां दी जानी हैं। इनमें से 7 हजार 727 ने ही दीक्षांत के लिए आवेदन किया है। आवेदन करने वाले छात्रों को ही दीक्षांत में डिग्री दी जाएगी। शेष को स्पीड पोस्ट के जरिए उपाधियां दी जाएंगी। स्वर्ण पदक सहित अन्य पदक प्राप्त करने वाले छात्रों को मंच पर उपाधि दी जाएगी। पीएचडी उपाधि भी मंच के जरिए ही बंटेगी।
हुआ था विवाद
कृषि विवि द्वारा पूर्व में दीक्षांत को लेकर जारी किए गए नोटिफिकेशन के बाद विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। विवि ने कहा था कि 7 बैच के छात्रों का दीक्षांत एक साथ होने के कारण सभी को दीक्षांत में आमंत्रित कर पाना संभव नहीं है। इसलिए केवल वे छात्र जिन्होंने मेरिट लिस्ट में जगह बनाई है, उन्हें ही दीक्षांत में आमंत्रित किया जाएगा। विवि के इस आदेश के बाद छात्रों ने विरोध करते हुए स्पीड पोस्ट के जरिए उपाधि लेने से इनकार कर दिया था। छात्रों का कहना था, जब उन्होंने डिग्री के लिए पैसे दिए हैं तो वे उपाधि भी समारोह में ही लेंगे। बड़े पैमाने पर छात्रों ने विरोध-प्रदर्शन भी किया था। इसके बाद विवि द्वारा फैसला बदला गया।
बनाई गई 20 कमेटी
छात्र संख्या को देखते हुए व्यवस्था बनाने के लिए विवि ने बड़ी संख्या में कमेटी बनाई है। यह इंदिरा गांधी कृषि विवि का 9वां दीक्षांत समाराेह होगा। मुख्य अतिथि का नाम अभी तक विवि द्वारा घोषित नहीं किया गया है। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय स्तर के कुछ जन प्रतिनिधियों को इसके लिए आमंत्रण भेजा गया है। वहां से समय मिलने के बाद नाम सार्वजनिक किए जाएंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS