जलन में ली जान : प्रेमिका को बुलाकर पहले बनाए संबंध फिर मोबाइल में दूसरे युवकों के मैसेज देखकर भड़क उठा, मारकर छिपा दिया शव

मोहला। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में नाबालिग छात्रा के साथ हैवानियत करने के साथ ही निर्मम हत्या मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस का दावा है कि मृतका के प्रेमी ने ही गला घोंटकर लड़की की हत्या की थी। इसके बाद शव को गड्ढा खोदकर पैरा में ठिकाने लगा दिया गया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला मोहला थाना क्षेत्र की है।
पुलिस ने बताया कि, 16 साल की लड़की 30 नवंबर को सुबह 4 बजे परिजनों को शौच का कहकर घर से निकली थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। इस पर परिजनों ने उसी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। फिर उन्होंने मोहला थाने में बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नाबालिग लड़की का प्रेम संबंध पिछले 2 साल से 24 वर्षीय महेंद्र मंडावी नाम के युवक के साथ था। शक के आधार पर पुलिस ने आरोपी महेंद्र मंडावी को हिरासत में ले लिया और कड़ाई से पूछताछ की। इसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर लड़की की लाश को पैरावट के ढेर से बरामद कर लिया गया है। साथ ही शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
काम की तलाश में मोहला आया था आरोपी
आरोपी ने बताया कि वो मूल रूप से बालोद जिले के मंगचुआ थाना क्षेत्र के ग्राम रेंगाडबरी का रहने वाला है। 2 साल पहले वो काम की तलाश में मोहला आया था। वहीं लड़की भी अपने जीजा के घर आई हुई थी। गांव में ही दोनों की मुलाकात हुई और धीरे-धीरे उनके बीच दोस्ती हो गई। दोनों ने अपना-अपना मोबाइल नंबर भी एक-दूसरे को दे दिया। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल फोन पर बात होने लगी। लड़की वापस अपने गांव लौट गई, लेकिन आरोपी उसके गांव उससे मिलने के लिए जाता रहा। पिछले 2 सालों से उनके बीच शारीरिक संबंध भी थे। युवक शादी का झांसा देकर उसका लगातार यौन शोषण कर रहा था।
शौच के बहाने निकली घर से
30 नवंबर को भी आरोपी अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए उसके गांव आया। लड़की शौच के बहाने निकली। घर से करीब 1 किलोमीटर दूर खेत में दोनों ने शारीरिक संबंध भी बनाए। इसके बाद महेंद्र मंडावी लड़की का फोन लेकर चेक करने लगा, तो उसमें आरोपी के अलावा कई और लोगों के साथ लड़की की चैटिंग मिली। इससे आरोपी को गुस्सा आ गया। फिर दोनों के बीच इस बात को लेकर विवाद हुआ और युवक ने अपने गमछे से लड़की का गला घोंट दिया। इससे नाबालिग की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने उसकी लाश को पैरावट के ढेर में छिपा दिया और वापस अपने घर चला गया। फिलहाल पुलिस दोनों के मोबाइल की कॉल डिटेल्स निकलवा रही है। आरोपी के खिलाफ हत्या, पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में अपराध दर्ज कर पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS