न्यायमूर्ति गोस्वामी CG हाईकोर्ट नए चीफ जस्टिस : राज्यपाल ने दिलाई शपथ, 14वें मुख्य न्यायाधीश होंगे असम के अरूप गोस्वामी

न्यायमूर्ति गोस्वामी CG हाईकोर्ट नए चीफ जस्टिस : राज्यपाल ने दिलाई शपथ, 14वें मुख्य न्यायाधीश होंगे असम के अरूप गोस्वामी
X

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल अनुसूइया उइके ने मंगलवार को राजभवन में न्यायमूर्ति अरूप गोस्वामी को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित हुआ था।

शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल अनुसूईया उइके और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुष्प गुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर न्यायमूर्ति अरूप गोस्वामी का स्वागत किया। छत्तीसगढ़ आने से पहले न्यायमूर्ति अरूप कुमार गोस्वामी आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायधीश थे। वे सिक्किम उच्च न्यायालय के भी मुख्य न्यायाधीश रह चुके हैं। शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत में प्रदेश के मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्ति वारंट पढ़ा। उसके बाद शपथ लेने की प्रक्रिया पूरी कराई गई। न्यायमूर्ति अरूप कुमार गोस्वामी ने अंग्रेजी में पद की शपथ ली। इसके साथ ही असम में जन्मे अरूप कुमार गोस्वामी छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के 14वें चीफ जस्टिस बन गए।

समारोह में गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा, छत्तीसगढ़ खादी ग्रामोद्योग के अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष सुभाष धुप्पड़, रायपुर के महापौर एजाज ढेबर आदि शामिल हुए। मुख्य न्यायधीश अरूप कुमार गोस्वामी की पत्नी डॉ. नीलाक्षी गोस्वामी सहित छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीश भी समारोह का हिस्सा बने।

Tags

Next Story