कांग्रेस ने जमीनी स्तर पर किया काम, इसका नतीजा बेहतर- कुमारी सैलजा

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का धन्यवाद करती हूं। श्री पुनिया ने भी जो बेहतरीन काम किया, उनका धन्यवाद करती हूं। उन्होंने जो जमीनी स्तर पर काम किया है, कांग्रेस को यहां पर जमीनी तौर पर मजबूत किया है। कार्य होता रहा, प्रभारी आते-जाते हैं, लेकिन असली काम कांग्रेस का कार्यकर्ता करता है। हमारी जिम्मेदारी यही है कि जमीनी स्तर तक कांग्रेस को मजबूत करें। छत्तीसगढ़ में बूथ कमेटियां शुरू से बनाई हैं, जिसका हमें नतीजा भी मिला। छत्तीसगढ़ में जो काम हुआ, उसका अनुसरण विपक्षी करना चाहते हैं। उसके लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को बहुत-बहुत बधाई देती हूं।
छत्तीसगढ़ इस बात का बहुत भोगी है कि यहां कैसे सेंट्रल एजेंसियों का अड्डा बना दिया गया है। सीबीआई, ईडी, इनकम टैक्स का भाजपा दुरुपयोग कर रही है। छत्तीसगढ़ में जो हो रहा है, उससे भाजपा और दिल्ली में बैठी सरकार डर गई है, इसीलिए नेशनल एजेंसियों को यहां छत्तीसगढ़ भेजा है। कांग्रेस ऐसी बातों से डरने वाली नहीं है। राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी के साथ जिस तरह का बर्ताव किया गया, उससे वे डरने वाले नहीं हैं। न डरेंगे न झुकेंगे, नफरत छोड़ो भारत जोड़ो ये कांग्रेस का नारा है। कितनी भी एजेंसियों और किसी को भी भेज लें, हमें आगे बढ़ते रहना है और कांग्रेस के संदेश को लोगों के बीच लेकर जाना है।
यूपीए सरकार में घर-घर तक, शहर, पंचायत तक विकास कार्यों के लिए पैसा पहुंचाया गया है। कांग्रेस पार्टी कभी भेदभाव की राजनीति नहीं करती। छत्तीसगढ़ के चार साल पूरे हुए और 5वें साल में सबसे पहले यहां पर कांग्रेस पार्टी का महाधिवेशन रायपुर होगा। महाधिवेशन एक ऐतिहासिक अधिवेशन है, जो रायपुर में होने जा रहा है। बैठक में तय किया गया कि आरक्षण संशोधन विधेयक पर राजभवन द्वारा हस्ताक्षर नहीं किए जाने के विरोध में कांग्रेस 3 जनवरी को राजधानी रायपुर में महारैली का आयोजन करेगी।
बूथ समितियों को सत्यापन होना चाहिए : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, श्री पुनिया 6 साल तक प्रभारी के रूप में साथ रहे। नए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने छत्तीसगढ़ में भी नया प्रभारी नियुक्त किया। श्री पुनिया जब प्रभारी थे तो हमने बूथ गठन की शुरुआत की थी। बूथ समितियों का जिस प्रकार का गठन हुआ, उसका सत्यापन होना चाहिए। भाजपा के पास हमारा मुकाबला करने को कुछ नहीं है। वह धर्मांतरण एवं सांप्रदायिकता की राजनीति करती है, उसका हमें मुकाबला करना है। लोगों को न्याय देने आरक्षण पर विशेष सत्र बुलाकर सभी वर्ग के लोगों के लिए विधेयक लाए, पर राजभवन में उसे रोका गया। अब कांग्रेस इसके लिए जनता के बीच जाकर आवाज उठाएगी ।
हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा मतदान केंद्रों तक जाएगी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा, एआईसीसी की संचालन समिति ने निर्णय लिया कि 26 जनवरी से पूरे प्रदेश में 2 महीने हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलेगा। 307 ब्लॉक कांग्रेस कमेटियां एक दिन में कम से कम 10 किमी यात्रा करेंगी। एक दिन में कम से कम 3000 किमी हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा चलेगी। 30 दिन में 90 हजार किमी से अधिक यात्रा होगी। यह भारत जोड़ो का विस्तार होगा। पदयात्रा का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी करेगी। यह विशाल अभियान पदयात्रा के रूप में सभी ग्राम पंचायतों, गांवों और मतदान केंद्रों को कवर करेगा।
75 से अधिक सीटें जीतेंगे : चौबे
मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा, 2023 में 75 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएंगे। भारत जोड़ो पदयात्रा में खूब पदयात्रा हुई है और हाथ से हाथ जोड़ो पदयात्रा भी बहुत अच्छे तरीके से होगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने चार साल में 1 लाख 50 हजार करोड़ रुपए किसानों की जेब में डालने का काम किया। आज 71 सीटें हैं, 5 उपचुनाव जीते हैं। आने वाले समय में हम 75 से अधिक जीतेंगे।
कांग्रेस में कार्यकर्ताओं को महत्व
ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की बैठक में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने ब्लाॅक अध्यक्षों से उनकी संगठनात्मक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा, ब्लाॅक और बूथ मजबूत नहीं होंगे तो पार्टी का ढांचा कमजोर हो जाएगा। हमने आज यहां सिर्फ आपको सुना है। पार्टी संगठन की शक्ति को पहचानती है। आप के माध्यम से पार्टी मजबूत होगी। हमारी पार्टी में दूसरे दलों की अपेक्षा खुलापन है, हम कार्यकर्ताओं की बात सुनते हैं। आपकी मेहनत से सरकार बनी है। हमें सकारात्मक विचारधारा से आगे बढ़ना है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS