लखीमपुर खीरी : मृतकों के परिजनों को मुआवजे का मरहम, छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री डहरिया ने सौंपा चेक

लखीमपुर खीरी : मृतकों के परिजनों को मुआवजे का मरहम, छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री डहरिया ने सौंपा चेक
X
पांचों मृतकों के परिजनों को पंजाब व छत्तीसगढ़ सरकार की तरफ से 50-50 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान करने घोषणा की गयी थी, जिसके बाद अब दोनों ही राज्यों की सरकारों ने यह सहायता राशि प्रदान की। पढ़िए पूरी खबर-

रायपुर। यूपी के लखीमपुर खीरी में तीन अक्टूबर को हिंसा के दौरान मारे गए चार किसानों और एक पत्रकार को कांग्रेस ने आर्थिक सहायता प्रदान की। पंजाब सरकार के कृषि मंत्री रणदीप सिंह नाभा व छत्तीसगढ़ सरकार के नगरीय प्रशासन मंत्री शिवकुमार डहरिया ने शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में इन पांचों को एक-एक करोड़ रुपए का चेक सौंपा।

बता दें कि पांचों मृतकों के परिजनों को पंजाब व छत्तीसगढ़ सरकार की तरफ से 50-50 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान करने घोषणा की गयी थी, जिसके बाद अब दोनों ही राज्यों की सरकारों ने यह सहायता राशि प्रदान की।

लखीमपुर में बीते तीन अक्टूबर को हुई घटना में किसान नक्षत्र सिंह, लवप्रीत सिंह, दलजीत सिंह, गुरविंदर सिंह व पत्रकार रमन कश्यप समेत कुल आठ लोगों की मौत हो गयी थी। इनमें तीन बीजेपी नेता शामिल थे। इसके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ बीती छह अक्टूबर को लखीमपुर पहुंचे पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मृत किसानों व पत्रकार के आश्रितों को अपनी राज्य सरकारों की ओर से 50-50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी।

वहीं, इस मामले में प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के लिए न्याय की लड़ाई पुरजोर तरीके से लड़ेगी। यही हमारी प्रतिज्ञा भी है और प्रतिबद्धता भी। उधर, पंजाब सरकार के कृषि मंत्री रणदीप सिंह नाभा ने कहा कि शहीद किसानों के परिवारों को न्याय मिले, इसके लिए कांग्रेस हर संभव प्रयास करेगी। कांग्रेस हर कदम पर पीड़ित परिवारों के साथ है।

छत्तीसगढ़ सरकार के नगरीय प्रशासन मंत्री शिवकुमार डहरिया ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार किसानों को अपने कारपोरेट मित्रों के हित में बर्बाद करने पर तुली है। कांग्रेस पार्टी यहां अपना वचन निभाने व आपके दर्द को साझा करने आयी है।

सहायता राशि का चेक पत्रकार रमन कश्यप की पत्नी आराधना कश्यप, सरदार नक्षत्र सिंह की पत्नी जसवंत कौर, लवप्रीत सिंह के पिता सरदार सतनाम सिंह, दलजीत सिंह की पत्नी परमजीत कौर व गुरविंदर सिंह के पिता सरदार सुखविंदर सिंह को सौंपा गया।

बता दें कि लखीमपुर खीरी में तीन अक्टूबर को किसानों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई भिड़ंत में एक पत्रकार सहित आठ लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। हिंसा में मारे गए 30 वर्षीय स्थानीय पत्रकार रमन कश्यप साधना टीवी के लिए काम करते थे। वे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की रैली को कवर करने घटना स्थल पर पहुंचे थे, जहां उनकी रैली निकलने से पहले ही हिंसा हो गयी और उनकी रैली को डायवर्ट कर दिया गया। हिंसा के बाद से ही पत्रकार रमन कश्यप लापता थे। चार अक्टूबर को उनका शव बरामद हुआ।

वहीं सूबे की सरकार की ओर से एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने यह जानकारी दी थी कि घटना में मारे गए किसानों के परिवारजन को सरकार की ओर से 45-45 लाख रुपए की धनराशि व परिवार के एक सदस्य को सरकार नौकरी देगी। वहीं घायलों को 10-10 लाख रुपए मुआवजे के तौर पर दिए जाएंगे। फिलहाल प्रशासन की ओर से 45 लाख रुपए का मुआवजा चेक सभी पीड़ित परिवारों को सौंपा जा चुका है।

Tags

Next Story