हथियार छोड़कर मुख्यधारा से जुड़ें नक्सली, तभी होगी बात : नक्सलियों की शर्तों पर बोले सीएम बघेल

सूरजपुर। नक्सलियों से बात तब होगी, जब नक्सली हथियार छोड़कर मुख्यधारा से जुड़ेंगे। नक्सली लगातार सिमट रहे हैं, हमारे जवान नक्सलियों को लगातार मात दे रहे हैं। ये बातें आज सूरजपुर में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मीडिया से बात करते हुए कही। उल्लेखनीय है कि कल ही नक्सलियों के प्रवक्ता विकल्प ने एक प्रेस नोट जारी कर प्रदेश सरकार से वार्ता की इच्छा जताई थी, लेकिन वार्ता से पहले कई कड़ी शर्तें रखी थीं। अब इधर सीएम बघेल ने भी वार्ता के लिए शर्तें रख दी हैं। उधर नक्सलियों की दण्डकारण्य जोनल कमेटी की ओर से प्रवक्ता विकल्प के हस्ताक्षरित प्रेस नोट में कहा गया है कि यदि प्रदेश सरकार उनकी मांगें मानती है तो वे वार्ता को तैयार हैं। नक्सलियों ने राज्य सरकार से वार्ता के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की अपील की है। शांति वार्ता के लिए माओवादी नेता विकल्प ने शर्तें रखते हुए कहा है कि- प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल माओवादी पार्टी, PLGA और अन्य संगठनों पर लगाए गए प्रतिबंधों को पहले हटाएं, हवाई हमले बंद कराएं, बस्तर में स्थापित कैंप और फोर्स को वापस भेजें। वार्ता से पहले जेलों में बंद उनके नेताओं को रिहा किया जाए, इसके अलावा वार्ता के लिए मुख्यमंत्री अपनी राय स्पष्ट करें। विकल्प ने हवाई बमबारी के बीच वार्ता की पेशकश को बेमानी बताया है। माओवादी नेता ने बमबारी किसने की इसकी जांच की भी शर्त रखी है। विकल्प ने लिखा है कि मुख्यमंत्री उनकी मांगों पर पहले अपनी राय स्पष्ट करें तभी हमारी सरकार से वार्ता संभव है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS