कुएं में मिला तेंदुए का शव : जाल लगाने की वन विभाग की योजना फ्लाप, आए दिन कुओं में गिरकर मर रहे जंगली जानवर

कांकेर। कांकेर जिले से एक तेंदुए के कुएं में गिरने की खबर एक बार फिर से सामने आई है। पानी में डूबे रहने से उसका शव पूरी तरह से फूल चुका था। आशंका जताई जा रही है कि दो दिन पहले तेंदुआ शिकार के चक्कर में कुएं में गिरा होगा। करीब डेढ़ माह में यह तीसरी घटना है। इससे पहले एक तेंदुआ और एक भालू भी गिर चुके हैं। हालांकि वन विभाग ने इस क्षेत्र के कुओं में जाली लगाने की योजना शुरू की है। लेकिन विभाग वालों को ही खुद पता नहीं है कि पिछले 2 साल में कितने कुओं में जाली लगाई गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, दुधावा चौकी क्षेत्र के गांव देवडोंगर निवासी गजाधर पटेल की बाड़ी में 40 फीट गहरा कुआं है। परिवार के सदस्य जब पानी लेने के लिए पहुंचे तो उन्हें कुएं में तेंदुए का शव दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों और वन विभाग को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची टीम ने शव को बाहर निकाला। शव को बाहर निकाला गया तो फूला हुआ था जिससे शव दो दिन पुराना होने का अंदाजा लगाया जा रहा है। हालांकि परिवार के लोगों का कहना है कि वह शनिवार को भी पानी लेने गए थे, तब कुएं में शव नहीं था।
पहले भी देखा गया था तेंदुए
वन विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर तेंदुए का शव बाहर निकाल पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। रिपोर्ट आने पर ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुआ शिकार और भोजन की तलाश में हमेशा गांव में आता था। उसे कई बार देखा गया है। जहां कुआं है वहां भी कुछ दूरी पर मवेशियों को बांधा गया है। आशंका है उसके शिकार के चक्कर में वह पहुंचा होगा और फिर कुएं में गिरने से उसकी मौत हो गई होगी। करीब डेढ़ माह पहले नरहरपुर नगर के कुएं में एक भालू गिर गया था। करीब 5 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। वहीं दिसंबर में चारामा के गांव जैसाकर्रा में भी एक तेंदुए का शव कुएं में मिला था। देखिये वीडियो-
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS