मुर्गें के लालच में फंसा तेंदुआ, तीन लोगों की ली थी जान

मुर्गें के लालच में फंसा तेंदुआ, तीन लोगों की ली थी जान
X
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले का सुदूर जनकपुर वनांचल क्षेत्र के लोगों को आतंकित करने वाला खूंखार तेंदुए को 38 दिनों बाद पकड़ने में सफलता मिली है।

जनकपुर। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले का सुदूर जनकपुर वनांचल क्षेत्र के लोगों को आतंकित करने वाला खूंखार तेंदुए को 38 दिनों बाद पकड़ने में सफलता मिली है। मंगलवार की रात्रि वन विभाग की रेस्क्यू टीम द्वारा ग्राम नौढ़िया के अरहर फसल के बीच में लगाए गए पिंजड़े में फंस गया। तेंदुए के पिंजड़े में फंसने की खबर पाकर कौतूहलवश तेंदुए को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए भरतपुर विकासखंड़ अंतर्गत ग्राम नौढ़िया में मुर्गा बांधकर पिंजरे के अंदर रखा था।

मुर्गे केा खाने के लिए जैसे ही वह पिंजरे में घुसा और फंस गया। तेंदुए के पिंजरे में फंसते ही वन विभाग और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। तेंदुआ अब तक 3 लोगों की जान ले चुका है और एक बालक को घायल कर चुका है। तेंदुए को वन विभाग जंगल सफारी रायपुर के लिए जनकपुर से भेज दिया गया हैं। दरअसल मनेन्द्रगढ़ वनमंडल अंतर्गत जनकपुर विकासखंड़ के गांव में एक महीने में तेंदुए ने चार इंसानों के ऊपर हमला किया, इसमें तीन लोगों की मौत हो गई। चौथी घटना 15 जनवरी को ग्राम कुंवारी के रमदमन बैगा पर तेंदुए ने हमला कर मार दिया।

ग्रामीणों को घटना का पता तब चला, जब कुछ लोग उस खेत के पास पहुंचे, वहां पर रमदमन का शव पड़ा हुआ था। इसके बाद वन विभाग को इस बात की सूचना दी गई। सूचना पाकर मौके में पहुंचा वन विभाग की टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं विधायक गुलाब कमरो ने वन मंत्री को पत्र लिखकर इलाके में लगातार हो रहे तेंदुए के हमले से निजात दिलाने की बात कही थी।

मुर्गे खाने गया और फंस गया

तेंदुआ वन विभाग के लिए सिरदर्द बना हुआ था, उसे पकड़ने की कोशिश लगातार नाकाम साबित हो रही थी। वन विभाग ने लगातार तेंदुए के मूवमेंट व लोकेशन पर नजर बनाकर रखी थी। वन विभाग ने तेंदुए को फंसाने के लिए ग्राम नौढ़िया में मुर्गा बांधकर पिंजरे में रखा, ताकि उसे खाने के लिए तेंदुआ आए और फंस जाए। वन विभाग की ये कोशिश कामयाब हो गई। मंगलवार 17 जनवरी की रात को तेंदुआ एक बार फिर शिकार करने के लिए गांव में घुसा और मुर्गे को देखकर उसे खाने जैसे ही पिंजड़े में घुसा वह फंस गया।

तैमूर पिंगला से पहुंचा प्रशिक्षित हाथी

तेंदुए को पकड़ने के लिए दो दिनों से मशक्कत कर रही रेस्क्यू टीम और वन विभाग के आलाधिकारियों ने जंगल में कैमरा और पिंजड़ा लगाए। पिंजड़ा में तेंदुए के आहार के लिए बकरा, कुत्ता-मुर्गा बांधे पर सफलता नहीं मिल रही थी। तब रेस्क्यू टीम ने तेंदुए को पकड़ने सर्चिंग के लिए तैमोर पिंगला से हाथी बुलाया। हाथी मंगलवार को देर शाम जनकपुर पहुंच गया और बुधवार की सुबह सर्चिंग के लिए जनकपुर से निकलकर भरतपुर के बनास नदी के पुल के पास पहुंचा ही था कि ग्राम नौढ़िया में अरहर फसल के बीच रखे पिंजड़े में तेंदुआ फंस गया है।

अब तक तेंदुए के हमले-

11 दिसंबर 2022 को कुंवारपुर वनपरिक्षेत्र के गौधोरा में फुलझरिया की मौत ।

23 दिसंबर 2022 को कुंवारपुर वनपरिक्षेत्र के छपराटोला में बालक सुरेश घायल।

3 जनवरी 2023 को जनकपुर वनपरिक्षेत्र के ग्राम सिंगरौली पुरनिहापारा में उमाबाई बैगा की मौत।

15 जनवरी 2023 को जनकपुर वनपरिक्षेत्र के ग्राम कुंवारी में रमदमन बैगा की मौत।

Tags

Next Story