परीक्षा के साथ हार गई जिंदगी की जंग : अंबिकापुर की छात्रा ने बिलासपुर में कर ली आत्महत्या, PSC का पेपर क्लीयर नहीं हुआ था

बिलासपुर-अंबिकापुर। बिलासपुर में अंबिकापुर की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव जूना बिलासपुर स्थित किराए के मकान में फंदे पर लटका मिला है। कहा जा रहा है कि PSC प्रारंभिक परीक्षा के नतीजे आने के बाद उसने ऐसा कदम उठाया है। बताया जा रहा है कि छात्रा परीक्षा में पास नहीं हो पाई थी। इस खतरनाक कदम से एक दिन पहले ही छात्रा ने अपने परिजन से बात की थी, तब वह बिल्कुल सामान्य थी। बिलासपुर की कोतवाली पुलिस ने उसके मोबाइल को जब्त कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अंबिकापुर के नमनाकला में रहने वाली प्रियंका गुप्ता, पुत्री पारस नाथ गुप्ता बिलासपुर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। वह जूना बिलासपुर में मनोहर गुप्ता के यहां किराए के मकान में रहती थी। मंगलवार रात करीब 8 बजे पड़ोस में रहने वाली महिला ने उसे आवाज दी। अंदर से कोई आहट नहीं आई। कुछ देर बाद उसने फिर आवाज दी और खिड़की से देखा तो पंखे से उसका शव लटक रहा था। जानकारी मकान मालिक मनोहर गुप्ता के साथ ही पुलिस को दी गई।
सुसाइड नोट नहीं मिला?
बिलासपुर कोतवाली के थाना प्रभारी प्रदीप आर्या के मुताबिक बुधवार की सुबह छात्रा के परिजनों की मौजूदगी में कमरे की तलाशी ली गई, लेकिन कुछ नहीं मिला। पुलिस को शक था कि युवती ने सुसाइड नोट जरूर छोड़ा होगा। ऐसे में पुलिस ने युवती के मोबाइल को जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर युवती के मौत के कारणों का राज खुल सकता है। पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है। पुलिस ने बताया कि प्रियंका गुप्ता चार माह पहले ही शहर आई थी। वह PSC परीक्षा की तैयारी कर रही थी।
इकलौती बेटी थी प्रियंका
छात्रा के परिजनों ने पुलिस को बताया कि प्रियंका इकलौती बेटी थी। वह रोज अपने घर में बात करती थी। सोमवार को भी उसने घर बात की थी, तब वह बिल्कुल सामान्य थी, लेकिन मंगलवार को उसका मोबाइल बंद मिला। इस दौरान परिजन को लगा कि वह मोबाइल बंद कर पढ़ रही होगी, लेकिन उन्हें क्या पता था कि उसने आत्महत्या कर ली है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS